Ashok Gehlot
Ashok Gehlot

    Loading

    जयपुर (राजस्थान): राजस्थान (Rajasthan) सरकार के तीन मंत्रियों (Ministers) के इस्तीफे के बीच पिछले दिनों से जारी राजस्थान सरकार के कैबिनेट (Rajasthan Cabinet) फेरबदल पर कल विराम लग सकता है। एएनआई के अनुसार, राजस्थान कैबिनेट में मंत्रियों का शपथ ग्रहण (Oath Ceremony) गवर्नर हाउज़ (Governor House) में रविवार शाम हो सकता है। 

    एएनआई ने सूत्रों के हवाले से कहा है कि, राजस्थान सरकार में नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह कल शाम चार बजे राज्यपाल के आवास पर होगा। इससे पहले राजस्थान की गहलोत सरकार में मंत्रिमंडल विस्तार के संकेत लगातार मिल रहे थे। खबरों की मानें तो प्रदेश के शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा, स्वास्थ्य मंत्री रघु शर्मा और राजस्व मंत्री हरीश चौधरी ने सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) को पत्र लिखकर मंत्री पद छोड़ने की पेशकश करते हुए संगठन के लिए आगे काम करने की इच्छा जताई है। तीनों ही मंत्री दो-दो पद संभाल रहे थे। वैसे खबर है कि, अब तीन मंत्रियों के इस्तीफों के बाद गहलोत मंत्रिमंडल में करीब 12 नए मंत्रियों की ताजपोशी का रास्ता साफ हो गया है।

    एक रिपोर्ट के अनुसार, दरअसल कांग्रेस के ‘एक व्यक्ति एक पद’ वाले फॉर्मूले की वजह से ही इन तीनों मंत्रियों के इस्तीफे लिए गए हैं। हाल ही में राजस्थान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और सचिन पायलट के बीच लंबे समय से चली आ रही खींचतान को खत्म करने की कोशिश के तहत पार्टी आलाकमान के दखल के बाद दोनों नेताओं के बीच भी एक नए कैबिनेट विस्तार का फॉर्मूला तय हुआ था।

    गौरतलब है बीते करीब तीन सालों से अशोक गहलोत और सचिन पायलट के बीच तलवारें जैसे खिंची हुई हैं। इधर जब तब सचिन पायलटअपने करीबियों को कैबिनेट में जगह देने की मांग करते आ रहे हैं। वहीं अब तक कैबिनेट में फेरबदल को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत टालते ही रहे हैं, लेकिन अब जल्द ही राजस्थान कैबिनेट का विस्तार होगा। इससे कयास ये भी है कि गहलोत-पायलट विवाद भी थोड़ा बहुत शांत होगा।