Tej Pratap Yadav, Shivanand Tiwari and Tejashwi

    Loading

    पटना. राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव (Lalu Yadav) के दोनों बेटों- तेज प्रताप (Tej Pratap) और तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) के बीच पार्टी में पकड़ को लेकर घमासान जारी है। इसी बीच बुधवार को आरजेडी के दिग्गज नेता शिवानंद तिवारी (RJD Leader Shivanand Tiwari) ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि तेज प्रताप यादव को पार्टी से बाहर कर दिया गया है। साथ ही उन्हें पार्टी के सिंबल लालटेन का इस्तेमाल करने से भी मनाही की गई है।

    हाजीपुर कार्यालय पहुंचे शिवानंद तिवारी ने कहा कि, “तेजप्रताप पार्टी में हैं कहां? उन्होंने नया संगठन भी बनाया है। वो पार्टी में नहीं हैं।” तिवारी ने कहा कि, “तेज प्रताप को निष्कासित करने का क्या सवाल है। वह तो स्वयं निष्कासित हो चुके हैं।” 

     तिवारी ने आगे कहा कि, तेज प्रताप ने जो संगठन बनाया है वह आरजेडी से अलग है। उन्होंने उसमें लालटेन का सिंबल लगाया था। जिसके बाद उनको पार्टी ने कह दिया कि वे लालटेन का सिंबल नहीं लगा सकते हैं। इतना ही नहीं उन्होंने तो खुद ही कहा था कि पार्टी की ओर से आरजेडी का आधिकारिक चुनाव चिन्ह लालटेन सिंबल इस्तेमाल करने से मना कर दिया गया है। फिर उनके होने या न होने को लेकर सवाल ही नहीं उठता।

    गौरतलब है कि कुछ दिन पहले तेज प्रताप यादव ने बिना नाम लिए तेजस्वी पर हमला बोला था। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा था कि, “कुछ लोग पार्टी अध्यक्ष बनने का सपना देख रहे हैं। जिसके चलते कुछ लोगों ने मेरे पिता को दिल्ली में बंधक बनाकर रखा हुआ है।”

    उन्होंने यह भी कहा था कि, “कुछ महीने पहले जमानत मिलने के बावजूद, मेरे पिता को दिल्ली में बंधक बनाया गया है। कुछ लोग उन्हें जाने नहीं दे रहे हैं और जबरन मुझसे दूर रख रहे हैं। सह ही उन्हें मेरे बारे में गलत जानकारी दे रहे हैं।”