mistry
Pic: ANI

    Loading

    नई दिल्ली.  जहां बीते शुक्रवार के घटनाक्रम के बाद कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए मुख्य मुकाबला अब मल्लिकार्जुन खड़गे (Mallikarjun Khadge) और शशि थरूर (Shashi Tharoor) के बीच होगा। वहीं आज कांग्रेस नेता मधुसूदन मिस्त्री (Madusudan Mistry) ने बताया कि, चुनाव लड़ने हेतु नामांकन के 20 फॉर्म मिले थे।  वहीं फिलहाल इसके लिए 2 उम्मीदवार मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर चुनाव लड़ेंगे।

    इसके साथ ही उन्होंने बताया कि,नामांकन वापसी 8 अक्टूबर तक कर सकते हैं।  लेकिन 8 अक्टूबर के बाद अगर कोई नाम वापस नहीं लेता है तो फिर चुनाव की प्रक्रिया शुरू होगी।  इस बाबत विस्तारपूर्वक कांग्रेस नेता मधुसूदन मिस्त्री ने बताया कि, “कल हमें 20 फॉर्म मिले थे और वो फॉर्म सही है कि नहीं उसकी जांच आज हमने की थी। 20 में से 4 फॉर्म रिजेक्ट हुए हैं। कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए हमारे 2 उम्मीदवार मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर चुनाव लड़ेंगे। नामांकन वापसी 8 अक्टूबर तक कर सकते हैं।  वहीं 8 अक्टूबर के बाद अगर कोई नाम वापस नहीं लेता है तो चुनाव की प्रक्रिया शुरू होगी। “

    गौरतलब है कि कांग्रेस अध्यक्ष पद के नामांकन के आखिरी दिन खड़गे, थरूर और त्रिपाठी ने अपना-अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था। खड़गे ने 14 सेट में नामांकन दाखिल किया और उनके प्रस्तावकों में अशोक गहलोत, दिग्विजय सिंह, ए। के। एंटनी, अंबिका सोनी, मुकुल वासनिक और जी-23 के सदस्य आनंद शर्मा, भूपेंद्र हुड्डा, पृथ्वीराज चव्हाण और मनीष तिवारी शामिल हैं। 

    वहीं कांग्रेस मुख्यालय में कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए बीते शुक्रवार को नामांकन पत्र दाखिल करने वाले थरूर ने कहा था कि स्पष्ट तौर पर चुनावी प्रक्रिया पूरी तरह से आदर्श नहीं है। साथ ही उन्होंने कहा कि अब इसमें (चुनाव प्रक्रिया में) सुधार की मांग करने का कोई औचित्य नहीं है, क्योंकि अगर कोई मैच खेलना चाहता है तो उसे ‘उपलब्ध पिच पर ही बल्लेबाजी’करनी होगी।