weather alerts

Loading

नई दिल्ली: मौसम विभाग (Meteorological Department) से एक बड़ी खबर आ रही है। जानकारी मिली है कि अगले कुछ दिनों तक उत्तर भारत (North India) सहित कई राज्यों में आंधी- तूफ़ान आने की संभावना है। IMD की वैज्ञानिक डॉ. सोमा सेन रॉय (Dr. Soma Sen Roy) ने बताया कि अरब सागर से नमी की वजह से उत्तर-पश्चिमी भारत में आज और कल ऐसा ही मौसम रहेगा। कल से इसका प्रभाव अधिकतर उत्तर प्रदेश में रहेगा और उसके अगले दिन से इसमें कमी आएगी। उत्तर-पश्चिमी भारत (North-Western India) में 5 दिन आंधी-तूफान रहेगा। दिल्ली में अगले 3-4 दिन आंधी-तूफान की आशंका है। हमने हरियाणा, उत्तर-पूर्वी राजस्थान, उत्तर प्रदेश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है लेकिन कल उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश की आशंका और अन्य इलाकों में आंधी-तूफान रहेगा।  

दूसरी ओर दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में शनिवार सुबह तेज हवाएं चलने के साथ बारिश हुई। दिल्ली के कई इलाकों में बारिश के कारण जलभराव देखा गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने सुबह करीब साढ़े छह बजे बताया कि बादलों का एक समूह दिल्ली-एनसीआर के ऊपर से गुजर रहा है, जिसके कारण यहां और आसपास के क्षेत्रों में अगले दो घंटों में हल्की से मध्यम तीव्रता वाली बारिश होगी और 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। दिल्ली में शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

वहीं उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली।राजस्थान की राजधानी जयपुर में मौसम में बदलाव देखा गया, काले बादल छाए हुए हैं और तेज़ हवाएं चल रही हैं। फ़िलहाल मौसम विभाग की माने तो आगामी चार से पांच दिनों टाक सतर्क रहने की जरूरत है। पिछले दिनों उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में जोरदार बारिश के साथ अंधी- तूफ़ान आया था। मौसम में बदलाव के कारण लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली है। वहीं आम की फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है।