
नई दिल्ली : उत्तर भारत समेत राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली (Delhi) इस समय भीषण ठंड के कारण कोहरे (Fog) के चादर में लिपटी नजर आ रही है। कोहरा इतना घना है कि सामने की चीजों को देख पाना भी मुश्किल हो गया है। कोहरे की वजह से विज़िबिलिटी (Visibility) काफी कम हुई है। जिसकी वजह से इसका असर दर्जनों ट्रेनें (Train) और विमान (Flight) पर भी पड़ा है जो कि अपने निर्धारित समय से लेट चल रही हैं। आज सुबह भी घना कोहरा छाया रहा। तो वहीं अब भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 24 घंटे के लिए अलर्ट जारी किया है।
भीषण ठंड के साथ घना कोहरा
दरअसल, मौसम विज्ञान विभाग (India Meteorological Department-IMD) के अनुसार जहां एक तरफ उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में शीतलहर के प्रकोप में कमी आने की संभावना है। तो वहीं इस दौरान हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, दिल्ली समेत उत्तर प्रदेश के भी कई हिस्सों में भीषण ठंड और घने कोहरे के बने रहने की संभावना है। जिसके बाद इसमें कमी आने का अनुमान है।
यहां हो सकती है बर्फबारी
IMD के पूर्व अनुमान के मुताबिक एक पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। जिसके 10 जनवरी की रात से पश्चिमी हिमालयी इलाके और 11 जनवरी से उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों को प्रभावित करने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण 13 जनवरी तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में काफी जोरदार बारिश साथ-साथ बर्फबारी (Snow) होने की संभावना है। इतना ही नहीं बल्कि, 12 जनवरी को जम्मू-कश्मीर समेत हिमाचल प्रदेश के कुछ जगहों पर गरज के साथ ओला और बिजली गिरने के भी आसार है।