Sonia Gandhi (ANI)
Sonia Gandhi (ANI)

    Loading

    नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) और महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) ने दिल्ली में AICC कार्यालय में अपना वोट डाला। वहीं कांग्रेस के अध्यक्ष पद के चुनाव के उम्मीदवार मल्लिकार्जुन खड़गे (Mallikarjun Kharge) ने बेंगलुरु में अपना वोट डाला। जबकि उनके प्रतिद्वंदी शशि थरूर (Shashi Tharoor) ने भी वोट किया। उन्होंने वोट से पहले केरल के तिरुवनंतपुरम के पझावंगडी गणपति मंदिर में पूजा की।

    दूसरी ओर कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए कांग्रेस सांसद पी. चिदंबरम, जयराम रमेश और पार्टी के अन्य नेताओं ने दिल्ली में AICC कार्यालय में वोट डाला। शशि थरूर ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि मैं बहुत आश्वस्त हूं। कांग्रेस पार्टी की किस्मत पार्टी कार्यकर्ताओं के हाथ में है। मुझे विश्वास है कि वे जो भी निर्णय लेंगे वह पार्टी के हित में होगा। जबकि मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि ये हमारे आंतरिक चुनाव का हिस्सा है। हमें मिलकर पार्टी बनानी है। शशि थरूर ने मुझे फोन कर शुभकामनाएं दीं और मैंने भी उन्हें शुभकामनाएं दी है।

    बता दें कि दिल्ली कांग्रेस केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री ने मतदान बूथ का निरीक्षण किया। कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव के लिए वोटिंग AICC कार्यालय में सुबह 10 बजे शुरू हो गया। इस मौके पर कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमारे देश की एकमात्र राजनीतिक दल है। जो अपने अध्यक्ष पद के लिए चुनाव कराती है। 137 साल के इतिहास में ये छठीं बार है जहां चुनाव हो रहा है। हमारी भारतीय राजनीति और कांग्रेस पार्टी के लिए ये एक ऐतिहासिक क्षण है। 

    राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि एक तरफ राहुल जी की भारत जोड़ो यात्रा और दूसरी तरफ कांग्रेस अध्यक्ष पद चुनाव दोनों ही अपने-अपने जगह महत्वपूर्ण हैं। बीजेपी जब से सरकार में आई है तब से ये संविधान की धज्जियां उठा रहे हैं..पक्ष के साथ विपक्ष का होना जरूरी है। वहीं कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डी.के. शिवकुमार ने कहा कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव बहुत पारदर्शी तरीके से हो रहा है। हमारे यहां करीब 490 लोग मतदान कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी के लिए यह ऐतिहासिक दिन है।