आज ही के दिन बना था नॉर्थ-ईस्ट का यह खूबसूरत राज्य, जानिए भारत गणराज्य के इस 22वें राज्य का इतिहास

Loading

सीमा कुमारी

नई दिल्ली: हर साल 16 मई को ‘सिक्किम स्थापना दिवस’ (Sikkim Establishment Day) मनाया जाता है। क्योंकि सिक्किम 1975 में इसी दिन भारतीय गणराज्य का 22वां राज्य बना था। जानकारों के अनुसार, सिक्किम भारत के 29 राज्यों में से एक है। आबादी के लिहाज से भारत का सबसे छोटा राज्य सिक्किम स्वतंत्रता के कई वर्षों बाद भारत का राज्य बना। आज सिक्किम का स्थापना दिवस है। सिक्किम 16 मई 1975 को भारतीय गणराज्य का 22वां राज्य बना था। सिक्किम को पूर्ण राज्य का दर्जा 36वें संविधान संशोधन से दिया गया। आइए जानें सिक्किम का इतिहास

कैसे बना था सिक्किम भारत का राज्य?

सिक्किम में राजशाही की स्थापना वर्ष 1642 में हुई थी। यहां पर चोग्याल वंश का शासन था। इसके बाद 1890 में ब्रिटिश इंडिया के अंतर्गत सिक्किम को ‘प्रोटेक्टोरेट स्टेट’ बनाया गया। यह अंग्रेजों की उस नीति का भाग था, जिसमें चीन और ब्रिटिश इंडिया के बीच बफर स्टेट्स की स्थापना की गई थी।

भारत की स्वतंत्रता के समय वर्ष 1947 में सिक्किम की भारत के साथ संधि हुई, जिसके अंतर्गत सिक्किम की रक्षा, संचार और विदेश मामले भारत की ओर से देखा जाना तय हुआ और सिक्किम की आजादी बरकरार रखी गई। लेकिन स्वतंत्रता के 28 वर्षों के बाद सिक्किम की जनता ने वहां के राजा के खिलाफ बगावत कर दी। सिक्किम के मतदाताओं में से 97.5 ने जनमत संग्रह में भारत के साथ जाने की बात कही थी। इस बगावत के परिणाम स्वरूप 16 मई 1975 को एक विशेष सह-राज्य के दर्जे के साथ सिक्किम को भारत का 22वां राज्य बनाया गया।

कहा जाता है कि सिक्किम में जनता को बगावत के लिए भड़काने का काम भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने किया था। माना जाता है कि 1967 बैच के IPS ऑफिसर और वर्तमान राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजि‍त डोवाल, वर्ष 1975 में सिक्किम गए और पूरे ऑपरेशन को अंजाम दिया।इस पूरे ऑपरेशन में सिक्किम के पहले मुख्यमंत्री काजी दोरजी ने भारत का साथ दिया था।

भारतीय गणराज्य में 22वें राज्य के तौर पर सिक्किम को 35 वें संविधान संशोधन से सह-राज्य के रूप में भारत का भाग बनाया गया।सिक्किम को पूर्ण राज्य का दर्जा 36 वें संविधान से दिया गया। सिक्किम को लेकर एक बड़ा विवाद चीन के साथ भी था। चीन ने सिक्किम के भारत का राज्य मानने से मना कर दिया था। बाद में साल 2003 में अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली सरकार के समय चीन इस बात से सहमत हुआ, जिसे अटल बिहारी की सरकार की बड़ी उपलब्धि माना गया।

सिक्किम: मुख्य तथ्य

  • अंगूठे के आकार का यह राज्य पश्चिम में नेपाल, उत्तर और पूर्व में चीनी तिब्बत क्षेत्र और दक्षिण-पूर्व में भूटान से घिरा हुआ है। भारत का पश्चिम बंगाल राज्य इसके दक्षिण में है।
  •  अंग्रेज़ी, नेपाली, लेप्चा, भूटिया, लिंबू तथा हिन्दी इसकी आधिकारिक भाषाएँ हैं, परन्तु शासकीय कार्य में अंग्रेज़ी का ही प्रयोग होता है।  
  • हिन्दू धर्म और वज्रयान बौद्ध धर्म यहाँ के प्रमुख धर्म है।
  • सिक्किम की राजधानी और सबसे बड़ा शहर ‘गंगटोक’ है।
  • जनसंख्या के मामले में भारत का सबसे छोटा राज्य और क्षेत्रफल के मामले में गोआ के पश्चात दूसरा सबसे छोटा राज्य है।  
  • इसका क्षेत्रफल 7,096 वर्ग किलोमीटर है।  
  • सिक्किम का ‘राज्य पशु’ लाल पांडा, ‘राज्य पक्षी’ लाल तीतर, ‘राज्य फूल’ नोबल डेंड्रोबियम और ‘राज्य वृक्ष’ रोडोडेंड्रोन है।
  •  सिक्किम भारत का पहला ऑर्गेनिक राज्य है। 2016 में, सिक्किम विश्व में पहला पूर्ण जैविक राज्य बना था।
  • काजी लेन्डुप दोरजी भारतीय गणराज्य में शामिल हुए इस राज्य के पहले मुख्यमंत्री थे। 
  • चीन के साथ भारत का सबसे पहला खुला जमीनी रास्ता ‘नाथू ला दर्रा’ सिक्किम में ही है।
  •  सिक्किम में विश्व की तीसरी सबसे ऊंची चोटी कंचनजंगा भी है।