PHOTO- social media
PHOTO- social media

Loading

फाजिल्का: पंजाब (Punjab) में उस वक्त हड़कंप मच गया जब कुदरत के कहर ने यहां तांडव मचा दिया। पंजाब के फाजिल्का जिले (Fazilka district) के बाकेनवाला गांव (Bakenwala village) में बवंडर आ गया जिससे काफी नुकसान हो गया। इस भीषण बवंडर के कारण कम से कम 12 लोग घायल हो गए और 30 मकान क्षतिग्रस्त हो गए। कई पेड़ उखड़ गए। यहां काफी नुकसान हो गया। अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि बवंडर से खेतों में खड़ी फसलों और कीनू के बाग को भी नुकसान पहुंचा है।

एक स्थानीय किसान ने कहा कि ग्रामीणों ने शुक्रवार शाम करीब चार बजे बवंडर देखा। उन्होंने बताया कि इससे दो-ढाई किलोमीटर के इलाके को नुकसान पहुंचा है। प्रभावित गांव का दौरा करने वाले उपायुक्त सेनु दुग्गल (Deputy Commissioner Senu Duggal) ने कहा कि जिन ग्रामीणों के मकानों को नुकसान पहुंचा है, उन्हें प्रशासन ने स्थानीय सरकारी स्कूल में भेजा है। 

दुग्गल ने कहा कि प्रशासन संपत्ति तथा फसल को नुकसान का आकलन करने की प्रक्रिया भी शुरू करेगा जिसके बाद सरकार मुआवजा देगी। तबाही मचा रहे बवंडर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। बवंडर से घायल हुए लोगों को फाजिल्का के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। (एजेंसी इनपुट के साथ)