Weather Update
FILE-PHOTO

    Loading

    नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में एक बार फिर से मानसून (Monsoon) ने जोर पकड़ा है। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी (Bay of Bengal) में मौसमी चक्रवात की स्थितियां नजर आ रहीं हैं जिससे अगले कुछ दिनों तक देश के कई इलाकों में बारिश (Rain) का अनुमान है।

    पूर्वी, मध्य और उत्तर पश्चिम भारत में अगले कुछ दिनों तक ज्यादा बारिश की आशंका है। इसके अलावा पूर्वी राजस्थान और गुजरात में इस दौरान भारी बारिश हो सकती है। सोमवार को देश के कई हिस्सों में तेज़ बारिश हुई है। मुंबई (Mumbai) समेत महाराष्ट्र (Maharashtra) के कई इलाकों में सोमवार सुबह जम कर बारिश हुई।

    वहीं कोलकाता (Kolkata) से कुछ तस्वीरें सामने आई हैं। कोलकाता के कई इलाकों में भारी बारिश के कारण जलजमाव हुआ है। इसके चलते सड़कों पर पानी-पानी नजर आ रहा है। जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

    बता दें कि, मौसम विभाग ने तमिलनाडु और पुड्डुचेरी में भी भारी बारिश की संभावना जताई है। पूर्वी यूपी, मध्य प्रदेश, झारखंड, ओडिशा, आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश की संभावना है।

    बात करें दिल्ली की तो, राजधानी में सोमवार सुबह न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस बना रहा जो इस मौसम के सामान्य तापमान से दो डिग्री अधिक है। मौसम विभाग ने बताया कि, सापेक्षिक आर्द्रता 89 प्रतिशत दर्ज की गई है। दिल्ली में बादल छाए रहने की संभावना है और अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आस पास रहेगा।