VOTE

  • शांतिपूर्ण रहा ग्राम पंचायत चुनाव

Loading

जलगांव. छिटपुट घटनाओं के बीच खानदेश में ग्राम पंचायत चुनाव (Gram Panchayat Election) निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। तीन दर्जन से भी अधिक गांवों में फर्जी तरीके से वोट डालने को लेकर मतदाताओं के बीच कहासुनी और झड़प हुई, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को संभाल लिया। 

मामूली विवादों को छोड़कर जलगांव (Jalgaon), नंदुरबार (Nandurbar) और धुलिया (Dhulia) जिले में कहीं से भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। शाम पांच बजे तक खानदेश में कुल मिलाकर लगभग 80 प्रतिशत मतदाताओं (80 percent voters) ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। ग्राम पंचायत चुनाव में मतदान को लेकर शुक्रवार को लोगों में भारी उत्साह नजर आया। कड़ाके की ठंड में भी मतदाताओं ने लोकतंत्र के इस महापर्व में भाग लेने के लिए लाइन में खड़े रह कर अपने मत का उपयोग कर अपने प्रतिनिधि चुनने में भागीदारी निभाई।

मतदाता सूची से कई लोगों के नाम गायब

कई गांवों में मतदाता सूची से लोगों के नाम गायब मिले। इससे अनेक मतदाता वोट डालने से वंचित रह गए। शाम पांच बजे मतपेटियों को सील कर मतगणना स्थल पर जमा किया गया। जामनेर तहसील में चुनावी विवाद में एक कार्यकर्ता पर जानलेवा हमला किया गया है। इस बार धुलिया ज़िले में 181 ग्राम पंचायतों में सुबह सात से शाम पांच बजे तक वोट डाले गए। मतदाताओं ने सुबह से ही मतदान केंद्रों में कतार लगाकर मतदान के अधिकार का इस्तेमाल किया। सुबह सात बजे से ही मतदान केंद्रों पर लोगों की लंबी कतार लगनी शुरू हो गईं। 

दोपहर में मतदान की रफ्तार रही धीमी

दोपहर में कुछ देर धीमी गति से मतदान चला। अपरान्ह तीन बजे के बाद मतदान में फिर तेजी आई। आला अफसर दिनभर मतदान केंद्रों का दौरा करते रहे।  जलगांव जिले में 687 ग्राम पंचायतों के लिए मतदान सुबह 7.30 बजे शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हुआ और सुबह 3.30 बजे तक 66.47% मतदान हुआ। इसी तरह सुबह 11.30 बजे तक मतदान 22.25 प्रतिशत था।  दोपहर 1.30 बजे तक 48.34 प्रतिशत मतदान हुआ था।  दोपहर 3.30 बजे तक मतदान 66.47 प्रतिशत था।

कार्यकर्ता पर चाकू से हमला

जामनेर तहसील क्षेत्र में देवपिंप्री में ग्राम पंचायत चुनाव में कार्यकर्ताओं में मारपीट हुई। इसी दौरान एक कार्यकर्ता पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया। घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जामनेर पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई।

परिजनों के सहारे बुजुर्गों ने किया मतदान 

सर्द मौसम की परवाह किए बगैर युवा और बुजुर्ग बूथ पर पहुंचे और लोकतंत्र के महापर्व में अपनी सहभागिता दर्शाई। बुजुर्गों ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अकेले चलने फिरने में तकलीफ होने पर बुजुर्ग अपने परिजनों के सहारे बूथ पर पहुंचे। 

मशीन में खराबी, फिर से चुनाव कराने की मांग

जामनेर तहसील के लोंढ्री बूथ संख्या तीन में  ईवीएम मशीन में खराबी के कारण मतदान प्रक्रिया रुकी हुई थी। इससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। इस पर उम्मीदवार ने नई मशीन की मांग की थी, लेकिन 73 मतदाताओं ने वोटिंग किया था, जिसके कारण मशीन बदलना संभव नहीं था। उम्मीदवार ने फिर से चुनाव प्रकिया इस बूथ पर कराने मांग की है।