कृषि कानून के खिलाफ कोल्हापुर में कांग्रेस ने निकाली ट्रैक्टर रैली

Loading

कोल्हापुर. केंद्र सरकार की ओर से पारित किये गए कृषि कानून के खिलाफ गुरुवार को कोल्हापुर में जिला राष्ट्रीय कांग्रेस की ओर से भव्य ट्रैक्टर रैली निकालकर विरोध जताया गया. रैली का नेतृत्व राज्य के गृहराज्यमंत्री एवं कोल्हापुर जिले के पालकमंत्री और जिला कांग्रेस अध्यक्ष सतेज पाटिल ने किया.

कोल्हापुर के सानेगुरुजी क्षेत्र की सड़क पर निर्माण चौक से इस भव्य ट्रैक्टर रैली की शुरुआत हुई. तकरीबन एक हजार ट्रैक्टर लेकर किसान इस रैली में शामिल हुए. रंकाला तालाब मार्ग से होते हुए दसरा चौक में आने के बाद इस रैली का समापन किया गया. 

इस दौरान पालकमंत्री सतेज पाटिल ने कहा कि केंद्र सरकार ने किसानों के हित के खिलाफ कृषि कानून पारित किये, जिससे देशभर में इस कानून के खिलाफ किसानों को सड़कों पर उतरना पड़ा. सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी भी केंद्र के इस काले कृषि कानून के खिलाफ जारी आंदोलन में शामिल हैं. इसीलिए ही कोल्हापुर के इस कृषि प्रधान प्रदेश में हमने जिला कांग्रेस की ओर से केंद्र सरकार द्वारा पारित काले कृषि कानून का विरोध जताने एवं उसका निषेध जताने के लिए इस भव्य ट्रैक्टर रैली का आयोजन किया गया. 

रैली में भारी संख्या में किसानों के साथ, महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी एच.के. पाटिल, प्रदेशाध्यक्ष एवं राजस्व मंत्री बालासाहब थोरात, कृषि राज्यमंत्री विश्वजीत कदम, विधायक ऋतुराज पाटिल समेत पूर्व विधायक, पार्षद और  पदाधिकारी शामिल हुए थे.