vegetables
File Photo

    Loading

    सीमा कुमारी-

    अक्सर पत्ता गोभी, फूलगोभी, साग, ब्रोकली आदि सब्जियों को काटते समय इनके अंदर कई छोटे-मोटे कीड़े देखने मिलते हैं। इन कीड़ों के कारण सब्जियां सड़ भी जाती है या अंदर से ही खोखली हो जाती हैं। कई बार महिलाएं कीड़े होने के कारण सब्जियां काटती भी नहीं हैं। इसके अलावा सब्जियां फेंक भी देती हैं लेकिन आप कुछ आसान घरेलू उपाय को अपनाकर सब्जियों में मौजूद कीड़े दूर कर सकते हैं। तो आइए जानें इस बारे में-

    जानकारों के अनुसार, सर्दियों में साग खाना कई स्वास्थ्य लाभ देता हैं।  हालांकि, साग को काटना, धोना बहुत मुश्किल काम हैं। साग कोई भी हो इसकी पत्तियों में छोटे-छोटे कीड़े चिपके होते हैं, जो आसानी से नजर नहीं आते हैं। यदि आप पालक, सरसों आदि का साग बनाने वाले हैं, तो इन्हें नमक वाले पानी में डालकर रख दें। 10-15 मिनट रखने के बाद सादे पानी से दो से तीन बार जरूर धो लें।

    फूलगोभी या पत्ता गोभी में कीड़े मौजूद होते हैं इसलिए आप इन्हें बनाने से पहले अच्छे से साफ कर लें। इसके बाद गोभी को बड़े-बड़े टुकड़ों में काट लें। एक बर्तन में पानी डालें और उसमें फूलगोभी डाल दें। अब एक चम्मच नमक डालकर कुछ देर के लिए फूलगोभी को भिगोए रहने दें। इससे पानी में कीड़े खुद ही निकल जाएंगे।

    डाइट एक्सपर्ट्स के अनुसार, ब्रोकली का सेवन बहुत कम लोग करते हैं। ज्यादातर लोग इसका इस्तेमाल सूप, सलाद या फिर किसी स्पेशल डिश को बनाने के लिए करते हैं। यह बेहद ही पौष्टिक और हेल्दी सब्जी मानी जाती हैं। ब्रोकली का डार्क हरे रंग में कई बार छोटे हरे रंग के कीड़े जल्दी नजर नहीं आते हैं। इन्हें निकालने के लिए आप छोटे टुकड़ों में काट लें। इन्हें नमक वाले हल्के गर्म पानी में डालकर 15 मिनट के लिए छोड़ दें। अब आप साफ पानी से साफ कर इससे सब्जी बना सकते हैं।  

    शोध के अनुसार, पत्ता गोभी में ऐसा कीड़ा मौजूद होता है जो स्वास्थ्य के लिए बहुत ही नुकसानदायक होता है यह दिमाग में पहुंचकर नुकसान पहुंचा सकता है। ऐसे में आप पत्ता गोभी काटते समय उसकी ऊपरी परत हटा लें। फिर इसे काटकर हल्दी वाले गुनगुने पानी में डुबाकर थोड़ी देर के लिए छोड़ दें। 15 मिनट बाद दूसरे बर्तन में निकाल कर सादे पानी से 1-2 बार साफ करें। पत्ता गोभी अच्छे से साफ हो जाएगी और कीड़े, गंदगी भी निकल जाएगी।