‘पायरिया’ की समस्या से अगर हों परेशान, तो ये घरेलू नुस्खे कर सकते हैं रामबाण का काम

Loading

सीमा कुमारी

नई दिल्ली: पायरिया (Pyorrhea) दांतों और मसूड़ों में होने वाली एक गंभीर समस्या है, जिसे पीरियोडोंटाइटिस (Periodontitis) भी कहा जाता है। एक्सपर्ट्स के अनुसार,पायरिया में मसूड़ों पर सूजन आ जाती है जिसके कारण मसूड़ों में तेज दर्द का सामना करना पड़ सकता है। पायरिया की समस्या से निजात पाने के लिए लोग महंगे टूथपेस्ट का प्रयोग करते हैं और दवाइयों का सेवन भी करते है। आप चाहें तो कुछ घरेलू उपायों की मदद से पायरिया से छुटकारा पा सकते हैं। आइए जानें 5 घरेलू उपाय के बारे में जिनकी मदद से आप पायरिया की समस्या से छुटकारा पा सकते हैं।

डेंटल एक्सपर्ट्स के मुताबिक, पायरिया से छुटकारा पाने के लिए आप सरसों के तेल और नमक का प्रयोग कर सकते हैं। इसके लिए आधा चम्मच नमक लें। इसमें सरसों का तेल मिलाकर पेस्ट बना लें। फिर टूथब्रश की सहायता से इससे अपने दांतों को साफ करें। हफ्ते में एक से दो बार इस प्रक्रिया को दोहराया जा सकता है। इससे मसूड़ों की सूजन और दर्द की समस्या से राहत मिलेगी।

अमरूद का सेवन दांतों और मसूड़ों के लिए अच्छा माना जाता है। क्योंकि अमरूद विटामिन   C का अच्छा स्रोत होता है और दांतों के लिए एक टॉनिक काम करता है। कच्चे अमरूद को नमक के साथ खाने से पायरिया की समस्या दूर हो सकती है। मसूड़ों में सूजन और दर्द होने पर अमरूद के कोमल पत्तों को भी चबा सकते है। नियमित अमरूद के पत्तों को चबाने से भी दांत स्वस्थ रहते है।

पायरिया के घरेलू उपचार के तौर पर आप बेकिंग सोडा का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। एनसीबीआई द्वारा जारी किए गए एक वैज्ञानिक अध्ययन के अनुसार, बेकिंग सोडा में डेंटिफ्राइस (dentifrices) गुण पाया जाता है। यह दांतों में जमा प्लाक और मसूड़े की सूजन को कम करने में मदद कर सकता है। इसका प्रयोग करने के लिए आप एक चम्मच बेकिंग सोडा लें। अब इसमें पानी की कुछ बूंदें मिलाकर पेस्ट बना लें। अब टूथब्रश की मदद से इससे अपने दांतों को साफ करें। बेहतर रिजल्ट के लिए आप इस प्रक्रिया को दो हफ्ते में एक बार दोहराएं।

पायरिया के लिए नींबू का रस काफी कारगर माना जाता है, मसूड़ों पर नींबू का रस रगड़ने से कुछ देर झनझनाहट हो सकती है, लेकिन उससे मसूड़ों में खून आना और दर्द होना बंद हो सकता है।

पायरिया के इलाज के लिए नारियल का तेल काफी लाभकारी होता है। इसमें एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटी-माइक्रोबियल गुण पाए जाते हैं। ये मसूड़ों की सूजन और संक्रमण को दूर करने में मदद करते हैं। इसके लिए एक चम्मच नारियल तेल को मुंह में भरकर घुमाएं। करीब 4-5 मिनट तक के लिए मुंह में रखें। फिर तेल को थूककर ब्रश कर लें।