गर्मी के मौसम में हेल्दी बने रहना है, तो सबसे पहले अपने पेट का रखें ख़ास ख्याल, इन चीज़ों को शामिल करें डाइट में

Loading

सीमा कुमारी

नई दिल्ली: गर्मियों में अक्सर लोग पेट दर्द, गैस, लूज मोशन जैसी समस्या से परेशान रहते हैं। ऐसे में इन समस्याओं से राहत पाने के लिए कुछ चीज़ों को अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं और गर्मियों में होने वाली बीमारियों से बच सकते है। आइए जानें गर्मी में पाचन से जुड़ी समस्याओं से राहत पाने के लिए किन फूड्स को डाइट में शामिल करना चाहिए।

हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार, मूंग दाल स्प्राउट्स सेहत के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है। यह गर्मियों में शरीर को हाइड्रेटेड रखता है। इसमें कई तरह के विटामिन्स और मिनरल्स पाए जाते हैं। अगर आप कब्ज और ब्लोटिंग की समस्या से परेशान हैं, तो मूंग दाल स्प्राउट्स आपके लिए मददगार साबित हो सकता है। चाहें तो आप इसमें दही मिलाकर खा सकते हैं।

गर्मियों में पाचन-तंत्र को स्वस्थ रखने के लिए आप दही चावल खा सकते हैं। यह पेट को ठंडा रखने में मददगार है। दही चावल स्वाद के साथ सेहत से भी भरपूर है। इसमें मौजूद प्रोबायोटिक्स आतों के लिए काफी महत्वपूर्ण है। दही-चावल में प्रोटीन, कैल्शियम और अन्य तत्व पाए जाते हैं, जो हड्डियों को स्वस्थ रखने में सहायक है।

इस मौसम में लौकी का जूस पीने से आप कई समस्याओं से बच सकते हैं। यह आपको हाइड्रेटेड और तरोताजा रखता है। यह पेट की समस्याओं जैसे एसिड रिफ्लक्स, सूजन और अपच के जोखिम को कम करता है। इसमें मौजूद फाइबर आतों को स्वस्थ रखने में मददगार है। यह ब्लड शुगर के स्तर को कंट्रोल करती है। लौकी का जूस कोलेस्ट्रॉल के मरीजों के लिए भी फायदेमंद है।

गर्मियों में पाचन तंत्र को स्वस्थ रखने के लिए छाछ पी सकते हैं। इसमें कैल्शियम, पोटैशियम, विटामिन बी 12 और अन्य पोषक तत्व पाए जाते हैं। जो पाचन से जुड़ी समस्या को कम करने में मददगार है। यह पेट को ठंड़ा रखता है। इस मौसम में छाछ जरूर पीएं।