सुख-समृद्धि के लिए वास्तु अनुसार बांसुरी से ऐसे सजाएं घर

    Loading

    सीमा कुमारी

    नई दिल्ली : हिन्दू धर्म में घर में बांसुरी रखना बहुत ही शुभ माना जाता है। कहते हैं कि जिस घर में लकड़ी की बांसुरी होती है वहां श्री कृष्ण रहते हैं। जिससे उनकी कृपा भक्तों पर सदैव बनी रहती है। घर में कभी भी धन एवं ऐश्वर्य की कमी नहीं होती है। बांसुरी भगवान श्री कृष्ण को अतिप्रिय है इसलिए यह अति पवित्र और पूजनीय है। वास्तु-शास्त्र के अनुसार, इसे घर व कार्यक्षेत्र पर लगाने से वास्तुदोष दूर होता है। घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होने के साथ सुख-समृद्धि और शांति का वास होता है। वहीं हर साल भादपद्र महीने में श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव, यानी ‘जन्माष्टमी’ का पावन त्योहार मनाया जाता है।

    इस साल यह पावन पर्व 30 अगस्त दिन सोमवार को मनाया जाएगा। ऐसे में इस खास मौके पर कान्हा की प्रिय बांसुरी से जुड़ी कुछ खास वास्तु उपाय कर सकते हैं। आइए जाने इस बारे में –

    ज्योतिष-शास्त्र के मुताबिक, ‘जन्माष्टमी’ के दिन नई बांसुरी को सजाकर भगवान श्रीकृष्ण के समक्ष रखकर इसकी पूजा करने से घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है।

    कहते हैं कि, घर में बांसुरी ऐसे स्थान पर रखनी या लगानी चाहिए, जहां बार-बार आपकी नजर उस पर पड़े। ऐसा करने से सकारात्मक विचारों में वृद्धि होती है और जातक के कार्यों में सफलता मिलती है। मान्यता है कि, बांसुरी का जोड़ा पूजा-स्थल के बाहर या मंदिर की दीवार पर लगाने से आर्थिक तंगी दूर होती है और  घर में धन का आगमन होता है।

    संतान प्राप्ति की इच्छा रखने वाले दंपत्तियों को श्री कृष्ण के बालरूप या गाय-बछड़े की तस्वीर शयनकक्ष में जरूर लगानी चाहिए। ऐसा करने से संतान प्राप्ति की इच्छा पूरी होती है।अगर घर पर कोई लंबे समय से बीमार है, तो उसके कमरे के दरवाजे या सिरहाने के पास एक जोड़ी बांसुरी लगाएं। मान्यता है इससे सेहत संबंधी समस्याएं कम होती है।