हरतालिका तीज में इन चीज़ों के दान करने से मिलेगी शिव-पार्वती की अपार कृपा

    Loading

    -सीमा कुमारी

    अखंड सौभाग्य की कामना का पावन पर्व ‘हरतालिका तीज’ (Hartalika Teej 2022) 30 अगस्त, मंगलवार को है। ‘हरतालिका तीज’ महिलाओं के त्‍याग और समर्पण का पर्व है। इस दिन महिलाएं निश्छल मन से निर्जला व्रत करके अपने पति की दीर्घायु के लिए व्रत रखती हैं, तथा पार्वती और भगवान शिव से उनकेे अच्‍छे सेहत के लिए प्रार्थना करती हैं। इस दिन माता पार्वती और शिवजी की पूजा की जाती है और सुहाग की वस्‍तुओं का दान किया जाता है।

    इस दिन व्रत करने से दांपत्‍य जीवन में खुशहाली के साथ जातक के जीवन में  सुख-समृद्धि आती है। मान्‍यता है कि इस दिन सुहाग की वस्‍तुओं के साथ कुछ चीजों का दान करने से सौभाग्यवती होने का वरदान भी मिलता है। आइए जानें  उन चीजों के बारे में  –

    शास्त्रों के अनुसार, सुहागिन स्त्रियों के लिए ‘हरतालिका तीज’ के व्रत का बहुत अधिक महत्व है। ऐसी मान्यता है कि, इस दिन सुहाग के सामान के साथ मंदिर में फलों का दान करने से सुख-समृद्धि आती है। साथ ही दाम्‍पत्‍य जीवन खुशहाल होता है।

    ज्योतिष- शास्त्र के अनुसार, इस दिन सुहागिन महिलाओं को वस्‍त्र का दान करना शुभ माना जाता है। किसी ब्राह्मण महिला या गरीबों को वस्त्र का दान जरूर करें। मान्यता है कि इससे महादेव और माता पार्वती प्रसन्न होती हैं और अखंड सौभाग्य का वरदान मिलता है। ऐसा करने से आपकी ग्रह की स्थिति में भी सुधार होता है।

    इस दिन गुड़ का दान करना भी बहुत उत्तम माना जाता है। मान्यता है कि, गरीबों में गुड़ का दान करने से महिलाओं को स्वास्थ लाभ मिलता है।

    धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, तीज के व्रत में गेंहू का दान शुभ फल प्रदान करता है। अगर आपके पास गेहूं न हो तो आटा भी दान कर सकते हैं।

    अनाज और फलों के साथ ही उड़द और चने की दाल का भी दान करना भी बेहद शुभ माना जाता है। इस दिन सुहागन महिलाओं को इन सभी वस्तुओं का दान करके ही पानी पीना चाहिए। दान करने के लिए अन्य सुहाग की सामग्री मेहंदी, चूड़ी, बिछिया, काजल, बिंदी, कुमकुम, सिंदूर, कंघी, माहौर, श्री फल, कपूर, घी, तेल, चंदन, अबीर, कलश तथा दीपक हैं।