Lohri

    Loading

    सीमा कुमारी

    नई दिल्ली: सुख-समृद्धि व सौभाग्य का प्रतीक ‘लोहड़ी’ (Lohri) का पावन पर्व इस वर्ष 14 जनवरी, शनिवार के दिन है। ‘लोहड़ी’ सिखों और पंजाबी हिंदुओं का मुख्य पर्व है। वैसे तो, देश के हर हिस्से में इसे बहुत ही धूमधाम एवं हर्षोल्लाष से मनाया जाता है। लेकिन पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में इसको लेकर उत्साह अधिक रहता है।

    ये पर्व किसानों के लिए बेहद खास होता है। क्योंकि ये पर्व फसल कटने के बाद मनाया जाता है। इस दिन शाम को सब लोग एक जगह इकट्ठा होकर आग जलाते हैं और लोहड़ी की बधाइयां देते हैं। इसके साथ ही आग में तिल, गुड़, रेवड़ी, मूंगफली आदि अर्पित करते हैं। इसके साथ ही इन चीजों को प्रसाद के रूप में खाते हैं। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, लोहड़ी के दिन कुछ विशेष उपाय करके व्यक्ति जीवन के हर कष्ट से निजात पाकर सुख-समृद्धि पा सकता है।

    ज्योतिष-शास्त्र के अनुसार, लोहड़ी पर अग्नि का विशेष महत्व होता है। यह अग्नि पवित्रता व शुभता का प्रतीक होती है। इसलिए लोहड़ी की विधि विधान से पूजा करनी चाहिए। इस दिन अग्नि के साथ महादेवी की पूजा करने से शुभ फलों की प्राप्ति होती है। लोहड़ी पर अग्निदेव और महादेवी की उपासना से जीवन का अंधकार दूर होता है और बल, बुद्धि व ज्ञान की प्राप्ति होती है।

    घर में रह रहे हर सदस्य की खुशहाली और तरक्की के लिए लोहड़ी वाले दिन सूखे नारियल में कपूर रखकर आग जलाएं। इसके बाद ‘ऊं सती शाम्भवी शिवप्रिये स्वाहा’ मंत्र बोलते हुए आग में रेवड़ी , मक्की, मूंगफली आदि अर्पित करें और सात परिक्रमा कर लें। ऐसा करने से घर में सुख-शांति बनी रहेगी।

    हर काम में किसी न किसी तरह की अड़चन आ ही है या फिर जीवन में कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, तो लोहड़ी के दिन कन्याओं को रेवड़ियां दें। ऐसा करना आपके लिए बेहद शुभ हो सकता है। ज्योतिषियों के मुताबिक, यदि परिवार के सदस्यों के बीच किसी न किसी बात पर वाद विवाद होता रहता है, तो लोहड़ी के दिन काली उड़द की खिचड़ी बनाएं। इसके बाद इसे काली या फिर सफेद गाय को खिला दें। ऐसा करने से घर में सुख-शांति बनी रहेगी।

    लोहड़ी पर घर की पश्चिमी दिशा में काले कपड़े पर महादेवी की तस्वीर रखकर सरसों के तेल का दीपक जलाएं। इसके बाद मां देवी को धूपबत्ती, सिंदूर, बेलपत्र और अन्य पूजन सामग्री अर्पित करें।  इससे मां देवी की कृपा से घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार और सुख-समृद्धि का वास होगा।