
नई दिल्ली:
सीमा कुमारी: सावन का पावन महीना 4 जुलाई से शुरू हो गया है। इस बार सावन 2 महीने तक तक चलेगा। शिव भक्तों को इस महीने का बेसब्री से इंतजार रहता है। भगवान शिव शंकर का स्वरूप सभी देवों में निराला है। इनकी कृपा से सभी मनोकामनाएं शीघ्र पूरी होती हैं। माना जाता है कि सावन माह में भगवान शिव की पूजा पाठ करने के साथ मंत्रों का जाप, जलाभिषेक करने से मनोकामना पूरी होती है।
इसके अलावा, सावन महीने में शिव चालीसा का पाठ करना भी बेहद शुभ माना जाता है। भक्त भोलेनाथ को प्रसन्न करने के लिए कई उपाय करते हैं, महादेव को प्रसन्न करने के लिए कई तरह के भोग भी लगाते हैं। तो आइए जानें सावन माह में भगवान शिव को किन चीज़ों का भोग लगाएं।
ज्योतिषियों के मुताबिक, महादेव को भोग लगाने के लिए आप कुट्टू की पूरी या पराठा बना सकते हैं। इसे बनाने के लिए एक बाउल में आटा लें, इसमें 1 टी स्पून सेंधा नमक मिक्स करें। इसमें पानी मिलाकर गूंथ लें। इससे लोइयां बना लें और इसे घी में फ्राई कर लें।
सावन में भगवान ‘शिव शंकर औघड़ दानी’ को खुश करने के लिए आप सूजी का हलवा भोग में लगा सकते हैं। इसे बनाने के लिए चीनी, दूध, घी और ड्राई फ्रूट्स का उपयोग करें। सबसे पहले कढ़ाई गर्म करें, इसमें घी डालें और सूजी भून लें। अब चीनी मिक्स करें और दूध डालें। जब सूखने लगे, तो ड्राई फ्रूट्स ऊपर से मिलाएं।
भगवान शिव को आप साबूदाने की खीर भी अर्पित कर सकते हैं। इसे बनाने के लिए साबूदान को करीब 15 मिनट के लिए पानी में भिगोएं। अब एक पैन में दूध गर्म करें और इसमें भिगे हुए साबूदाने को मिक्स करें। अब इस मिश्रण को अच्छी तरह पकाएं। इसमें चीनी मिक्स करें। चाहें तो इलायची भी डाल सकते हैं।