Shivraj minister Bisahulal Singh

Loading

अनूपपुर. मध्यप्रदेश की मंत्री इमरती देवी (Imarti Devi) को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ (Kamal Nath) द्वारा कथित तौर पर ‘आइटम’ कहे जाने पर प्रदेश में मचे राजनीतिक बवाल के बीच प्रदेश की भाजपा सरकार (BJP Government) के मंत्री और आदिवासी नेता बिसाहूलाल सिंह (Bisahulal Singh) एक वायरल वीडियो में कथित तौर पर कांग्रेस उम्मीदवार (Congress Candidate) की पत्नी के लिये अपमानजनक शब्द का इस्तेमाल करते दिखाई दे रहे हैं।

अनूपपुर विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार के खिलाफ उपुचनाव लड़ रहे कांग्रेस के प्रत्याशी विश्वनाथ सिंह ने बिसाहूलाल के बयान को अपमानजनक बताया और कहा कि वह बिसाहूलाल के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर करेंगे।

कथित वायरल वीडियो में प्रदेश के खाद्य और नागरिक आपूर्ति मंत्री बिसाहूलाल सिंह ने कांग्रेस उम्मीदवार विश्वनाथ सिंह की दूसरी पत्नी को “रखैल” (Mistress) बताया। बिसाहूलाल अनूपपुर सीट से उपचुनाव लड़ रहे हैं। इसी सीट से उन्होंने वर्ष 2018 का विधानसभा चुनाव कांग्रेस उम्मीदवार के तौर पर जीता था।

वायरल वीडियों में मंत्री कहते हुए सुनाई दे रहे हैं, “विश्वनाथ सिंह (कांग्रेस उम्मीदवार) अपनी पहली पत्नी के बारे में जानकारी क्यों छिपा रहे हैं और नामांकन पत्र में अपनी “रखैल” के बारे में बता रहे हैं। उन्होने अपनी पहली पत्नी के बारे में जानकारी नहीं दी लेकिन रखैल की दी है। वह अपनी पहली पत्नी के बारे में क्यों नहीं बता रहे हैं।”

हालांकि, विश्वनाथ ने अपने बयान में साफ किया कि बिसाहूलाल द्वारा लगाये गये सभी आरोप निराधार हैं। उन्होंने कहा, “मेरी शादी 15 साल पहले हुई और मेरी 14 साल की बेटी भी है। मैं उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर करुंगा। यह भाजपा उम्मीदवार के चरित्र को उजागर करता है। एक ओर तो वह मौन व्रत का नाटक कर रहे हैं और दूसरी ओर महिलाओं का अपमान करते हैं। लोग सब देख रहे हैं।”

प्रदेश भाजपा प्रवक्ता रजनीश अग्रवाल ने बताया कि वह बिसाहूलाल से संपर्क करने में असमर्थ हैं क्योंकि वह आंतरिक इलाकों में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। वायरल वीडियो की सत्यता जानने के लिये उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है। (एजेंसी)