कांग्रेस नेता सज्जन वर्मा का विवादित बयान, कहा- जब लड़कियां 13 साल में बच्चा पैदा कर सकती हैं तो..

Loading

भोपाल: हमेशा अपने विवादित बयान देकर सुर्ख़ियों में रहने वाले मध्य प्रदेश कांग्रेस (Madhya Pradesh) के नेता एवं प्रदेश के पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा (Sajjan Singh Verma) ने बुधवार को एब बार फिर बेटियों (Girls) के बारे में विवादित बयान दिया। उन्होंने कहा कि, “13 साल में बच्चियां प्रजनन के लायक हो जाती हैं, तो उनकी शादी की उम्र 21 साल करने की क्या जरूरत है।”

दरअसल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chauhan) ने दो दिन पहले यहां एक कार्यक्रम में कहा था, ‘‘कई बार मुझे लगता है कि समाज में बहस होनी चाहिए कि बेटियों की शादी की उम्र 18 रहनी चाहिए या इसे बढ़ाकर 21 साल कर देना चाहिये। मैं इसे बहस का विषय बनाना चाहता हूं। प्रदेश सोचे, देश सोचे ताकि इस पर कोई फैसला किया जा सके।”

लड़कियों की उम्र बढ़ाने की क्या जरुरत 

मुख्यमंत्री चौहान द्वारा लड़कियों की शादी की उम्र को बढ़ाने के लिए बहस की वकालत किये जाने पर टिप्पणी करते हुए वर्मा ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘’डॉक्टर कहते हैं कि 15 साल के बाद ही बच्ची प्रजनन के योग्य हो जाती है। ये (चौहान) बड़े डॉक्टर हो गये हैं क्या? लड़कियों की शादी की उम्र 21 साल करने की क्या जरूरत है।”

भाजपा सरकार में नाबालिक लड़कियां असुरक्षित 

वर्मा ने राज्य सरकार पर नाबालिग बच्चियों के साथ हो रहे बलात्कारों को रोकने में विफल रहने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा, “मध्य प्रदेश नाबालिगों लड़कियों के साथ बलात्कार के मामले में देश में अव्वल है और मुख्यमंत्री को दिखावे की राजनीति करने की बजाय ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।”

वर्मा को करे पार्टी से बर्खास्त 

वर्मा के बयान पर प्रदेश भाजपा ने कड़ी आपत्ति जताई है। मध्य प्रदेश भाजपा की मीडिया प्रवक्ता नेहा बग्गा ने कहा, ‘‘वर्मा ने देश की बेटियों का अपमान किया है। क्या वह भूल गये कि उनकी (कांग्रेस) अध्यक्ष (सोनिया गांधी) महिला हैं? क्या वह भूल गये कि उनकी नेता प्रियंका गांधी भी महिला हैं? मैं सोनिया गांधी से आग्रह करती हूं कि वह वर्मा के इस बयान के लिए उनसे सार्वजनिक तौर पर माफी मंगवाएं और यदि वह ऐसा नहीं करते हैं तो उन्हें पार्टी से बर्खास्त करें।”