राहुल गांधी पर प्रज्ञा ठाकुर के बिगड़े बोल, बोली ‘एक विदेशी महिला के गर्भ से जन्मा इंसान राष्ट्रभक्त नहीं हो सकता’

Loading

भोपाल. अपने बयानों के चलते विवादों में रहने वाली मध्यप्रदेश के भोपाल संसदीय क्षेत्र से बीजेपी की सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने एक बार फिर कांग्रेस पर हमला बोला है। जानकारी हो कि चीन को लेकर बीजेपी और कांग्रेस में वार-पटलवार का दौर जारी है। अब प्रज्ञा सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का नाम लिए बिना उन पर एक विवादित टिप्पणी की हैं। उन्होंने कहा कि “विदेशी महिला के गर्भ से जन्मा व्यक्ति राष्ट्रभक्त नहीं हो सकता है।”

‘विदेशी महिला के गर्भ से जन्मा व्यक्ति राष्ट्रभक्त नहीं हो सकता’

सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने राजधानी भोपाल में आज मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपने गिरेवान में झांककर देखना चाहिए। उन्हें ना ही बोलने की सभ्यता है, न तो संस्कार और न ही देशभक्ति है। मैं तो एक ही बात कहूंगी, देशभक्ति आएगी कहां से, जब दो-दो देशों की सदस्यता ले कर बैठे हुए हैं। प्रज्ञा ठाकुर ने चाणक्य की बात का जिक्र करते हुए कहा, “चाणक्य ने कहा था, इस भूमि का पुत्र ही इस देश की रक्षा कर सकता है। विदेशी महिला के गर्भ से जन्मा कभी कोई राष्ट्रभक्त नहीं हो सकता।”

साध्वी प्रज्ञा पर जीतू पटवारी का पलटवार 

कांग्रेस नेता जीतू पटवारी ने साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर के इस बयान पर पलटवार किया है। जीतू पटवारी ने ट्वीट कर लिखा, “कोई भी देशभक्त आतंकवादी नहीं हो सकता है। कोई गोडसे भक्त देश भक्त नहीं हो सकता है! जाकी रही भावना जैसी, प्रभु मूरत देखी तिन तैसी।”

 

बता दें, सांसद प्रज्ञा ठाकुर इससे पहले भी कई विवादास्पद बयान दिए हैं। लोकसभा चुनाव के दौरान और फिर संसद में उन्होंने महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे को ‘देशभक्त’ बताया था।