महाराष्ट्र में 15,817 नए केस, इन जगहों पर लगाया गया लॉकडाउन और नाईट कर्फ्यू

    Loading

    मुंबई. महाराष्ट्र (Maharashtra) में कोरोना वायरस (Coronavirus) का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा। शुक्रवार को राज्य में 15,817 नए मामले सामने आए है। जबकि 56 लोगों की मौत हुई है। लगातार तीसरे दिन इस साल के अब तक के सबसे अधिक मामले सामने आए। लगातार बढ़ते कोरोना के मामलों के चलते उद्धव सरकार की चिंता भी बढ़ गई है। सरकार ने एहतियातन कुछ जिलों में लॉकडाउन लगा दिया है।

    स्वास्थ्य विभाग अनुसार शुक्रवार को राज्य में 15,817 नए मामले आने के बाद संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 22,82,191 हो गए, जबकि बीमारी के कारण 56 नई मौत होने के साथ मरने वालों की संख्या 52,723 तक पहुंच गई।

    बता दें कि राज्य में पिछली बार 2 अक्टूबर, 2020 को 15,000 से अधिक मामले आए थे, जिसके बाद नए मामलों में गिरावट आई थी। लेकिन पिछले महीने मामलों में तेज उछाल आया। राज्य में बुधवार और बृहस्पतिवार को 13,659 और 14,317 मामले सामने आए।

    शुक्रवार को अस्पतालों से 11,344 रोगियों को छुट्टी दे दी गई, जिससे राज्य में अब तक ठीक हो चुके लोगों की कुल संख्या बढ़कर 21,17,744 हो गई। राज्य में 1,10,485 मरीजों का इलाज चल रहा है। राज्य में पुणे शहर में सबसे अधिक 1,845 नए मामले सामने आए, इसके बाद नागपुर में 1,729 और मुंबई में 1,647 मामले आए।

    Lockdown may be increased in urban areas affected by covid-19 in Maharashtra

    • नागपुर : कोरोना के लगातार बढ़ते संक्रमण को देखते हुए सरकार ने नागपुर में लॉकडाउन लगाने की घोषणा की है। नागपुर में 15 से 21 मार्च तक  लॉकडाउन रहेगा। जिससे अब शनिवार से ही नागपुर में फुल लॉकडाउन रहेगा। इस दौरान जरूरी चीजों की दुकान शुरू रहेगी।
    • अकोला : सरकार ने नागपुर के बाद अकोला में भी लॉकडाउन लगा दिया है। अकोला में शुक्रवार शाम 8 बजे से सोमवार सुबह 8 बजे तक लॉकडाउन लगाया हुआ है।
    • औरंगाबाद : प्रशासन ने औरंगाबाद में भी लॉकडाउन लगा दिया है। हालांकि यहां लॉकडाउन सिर्फ शनिवार-रविवार को ही रहेगा। बाकी अन्य दिन रात 11 बजे से सुबह 7 बजे तक नाईट कर्फ्यू रहेगा।
    • पुणे : यहां बढ़ते कोरोना के मामले को देखते हुए सरकार ने नाइट कर्फ्यू का फैसला किया है। पुणे में रात 11 बजे से सुबह 6 बजे तक कर्फ्यू जारी रहेगा। पुणे में 31 मार्च था सभी स्कूलों और कॉलेजों को बंद करने का फैसला किया गया है। साथ ही बार को रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक बंद रखने का नियम भी लागू रहेगा।
    • उस्मानाबाद : उस्मानाबाद में भी नाईट कर्फ्यू लागू कर दिया गया है। जो रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक जारी रहेगा। जबकि हर रविवार जनता कर्फ्यू रहेगा।
    • नासिक : नासिक में वीकेंड लॉकडाउन लागू कर दिया गया है। बाकी दिन यहां आंशिक लॉकडाउन रहेगा। यानी शाम 7 बजे से पहले घर आना जरूरी है। जरूरी वस्तुओं को छोड़कर सभी दुकानें और बाजार सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक ही खुली रहेंगी।
    • जलगांव : जलगांव में भी 15 मार्च तक कर्फ्यू रहेगा।