मुंबई. जहाँ एक तरफ देश में कोरोना संक्रमण (Corona) फिर से आक्रामक रूप अख्तियार कर रहा है। वहीं महाराष्ट्र (Maharashtra) प्रदेश एक बार फिर देश का फिर से कोरोना हॉट स्पॉट बनने की कगार पर है। जहाँ बीते कुछ समय में महाराष्ट्र के नागपुर (Nagpur) में आगामी 15 मार्च से 21 मार्च तक का सम्पूर्ण लॉकडाउन (Lock Down) रखा गया है। वहीँ पुणे में नाईट कर्फ्यू तो अकोला में भी बीते शुक्रवार से आगामी सोवमार सुबह 6 बजे तक लॉक डाउन रखा गया है।
क्या है राज्य में कोरोना का ग्राफ:
बीते शुक्रवार की बात करें तो राज्य में 15,817 नए मामले सामने आए है। जबकि 56 लोगों की मौत हुई है। लगातार तीसरे दिन इस साल के अब तक के सबसे अधिक मामले सामने आए। लगातार बढ़ते कोरोना के मामलों के चलते अब उद्धव सरकार की चिंता और भी भी बढ़ गई है। वहीं अब सरकार ने एहतियातन कुछ जिलों में लॉकडाउन लगा दिया है।
अगर स्वास्थ्य विभाग के आंकड़े देखें तो बीते शुक्रवार को राज्य में 15,817 नए मामले आने के बाद संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 22,82,191 हो गए, जबकि बीमारी के कारण 56 नई मौत होने के साथ मरने वालों की संख्या 52,723 तक पहुंच गई है।
गौरतलब है कि राज्य में बीते साल 2 अक्टूबर, 2020 को 15,000 से अधिक मामले आए थे, जिसके बाद नए मामलों में गिरावट आई थी। लेकिन पिछले महीने मामलों में तेज उछाल आया। राज्य में बुधवार और बृहस्पतिवार को 13,659 और 14,317 मामले सामने आए।
वहीं बीते शुक्रवार को अस्पतालों से 11,344 रोगियों को छुट्टी दे दी गई है, जिससे राज्य में अब तक ठीक हो चुके लोगों की कुल संख्या बढ़कर 21,17,744 हो गई। राज्य में फिलहाल 1,10,485 मरीजों का इलाज चल रहा है। राज्य में पुणे शहर में सबसे अधिक 1,845 नए मामले सामने आए, इसके बाद नागपुर में 1,729 और मुंबई में 1,647 मामले आए हैं।
नागपुर: लॉकडाउन से लोग बेपरवाह –
जहाँ एक तरफ नागपुर में कोरोना संक्रमण से चिंतित हो महाराष्ट्र सरकार ने आगामी 15 से 21 मार्च तक लॉकडाउन लगा रखा है। वहीं कुछ लोग इन सबसे बेपरवाह कोरोना नियमों की धज्जियां उड़ाते देखे गए। जी हाँ आज नागपुर के कॉटन मार्केट में लोग सामाजिक दूरी के नियमों का उल्लंघन करते हुए दिखाई दिए। 15 मार्च से शुरू होने वाले एक सप्ताह के लॉकडाउन से पहले बड़ी संख्या में लोग आज बाजार में पहुंचे हैं। इससे साफ़ प्रतीत होता है की कोरोना संक्रमण को लेके आम जन अब पूरी तरह से बेपरवाह हो गए हैं और समय की विकटता को समझ ही नहीं रहे हैं।
#COVID19 | Social distancing goes for a toss as hundreds of people flock to Cotton Market in Nagpur, Maharashtra ahead of a week-long lockdown starting March 15 pic.twitter.com/PfDFn969rm
— ANI (@ANI) March 13, 2021
कहाँ कहाँ है लॉकडाउन , आइये जानें:
- अगर नागपुर की बात करें तो कोरोना के लगातार बढ़ते संक्रमण को देखते हुए सरकार ने नागपुर में लॉकडाउन लगाने की घोषणा की है। नागपुर में 15 से 21 मार्च तक लॉकडाउन रहेगा। जिससे अब शनिवार से ही नागपुर में फुल लॉकडाउन रहेगा। इस दौरान जरूरी चीजों की दुकान शुरू रहेगी।
- इसी प्रकार अकोला में भी सरकार ने लॉकडाउन लगा दिया है। अब अकोला में शुक्रवार शाम 8 बजे से सोमवार सुबह 8 बजे तक लॉकडाउन लगाया हुआ है।
- वहीं औरंगाबाद की बात करें तो प्रशासन ने औरंगाबाद में भी लॉकडाउन लगा दिया है। हालांकि यहां लॉकडाउन सिर्फ शनिवार-रविवार को ही रहेगा। बाकी अन्य दिन रात 11 बजे से सुबह 7 बजे तक नाईट कर्फ्यू रहेगा।
- इसके साथ ही पुणे में अब बढ़ते कोरोना के मामले को देखते हुए सरकार ने नाइट कर्फ्यू का फैसला किया है। पुणे में अब रात 11 बजे से सुबह 6 बजे तक कर्फ्यू जारी रहेगा। पुणे में 31 मार्च था सभी स्कूलों और कॉलेजों को बंद करने का फैसला किया गया है। साथ ही बार को रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक बंद रखने का नियम भी लागू रहेगा।
- वहीं उस्मानाबाद में भी नाईट कर्फ्यू लागू कर दिया गया है। जो रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक जारी रहेगा। जबकि हर रविवार जनता कर्फ्यू रहेगा।
- इसी प्रकार नासिक में वीकेंड लॉकडाउन लागू कर दिया गया है। बाकी दिन यहां आंशिक लॉकडाउन रहेगा। यानी शाम 7 बजे से पहले घर आना जरूरी है। जरूरी वस्तुओं को छोड़कर सभी दुकानें और बाजार सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक ही खुली रहेंगी।
- अब जलगांव में भी 15 मार्च तक कर्फ्यू रहेगा।