महाराष्ट्र में एक दिन में कोविड-19 के 9,926 मरीजों को मिला डिस्चार्ज 

Loading

मुंबई. महाराष्ट्र में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ने के साथ-साथ मरीज ठीक होने की संख्या भी बढ़ रही है। इस बीच महाराष्ट्र में रविवार को एक दिन में कोरोना के 9,926 मरीजों को डिस्चार्ज दिया गया है। जिससे राज्य में ठीक हो चुके मरीजों की संख्या बढ़कर 2,76,809 पहुंच गई। महाराष्ट्र में अब उपचाराधीन मरीजों की संख्या 1,48,537 है।

वहीं राज्य में रविवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 9,509 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4,41,228 हो गई। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी। विभाग ने बताया कि 260 और मरीजों की मौत के साथ ही इस महामारी से जान गंवाने वालों का आंकड़ा बढ़कर प्रदेश में 15,576 हो गया है। 

प्रदेश की राजधानी मुंबई में 1,105 नए मामले सामने आए जिससे इस शहर में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,16,436 हो गई। वहीं महानगरीय इलाके में 2,376 नए मामले मिले और संक्रमण के कुल मामले यहां बढ़कर 2,46,154 हो गए।  

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक मुंबई में मृतकों की संख्या बढ़कर 6,447 हो गई है जबकि मुंबई महानगरीय क्षेत्र (एमएमआर) में महामारी से मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 9,887 हो गया है। विभाग ने कहा कि राज्य में अब तक कोविड-19 के 22,55,701 नमूनों की जांच की जा चुकी है।