Heavy rain continues in Mumbai, water logging in low-lying areas

Loading

मुंबई. मुंबई, ठाणे और इसके आसपास के क्षेत्रों में रविवार को लगातार तीसरे दिन बारिश जारी रही जिसकी वजह से शहर के निचले इलाकों में जलजमाव हो गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले 24 घंटों में शहर के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। मध्य मुंबई के हिंदमाता और पूर्वी मुंबई के चेंबूर सहित शहर के कुछ निचले इलाकों में भारी वर्षा हुई। 

आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, मुंबई की कोलाबा वेधशाला ने शनिवार सुबह 8.30 बजे से 24 घंटों के दौरान 129.6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की, जबकि सांताक्रूज़ मौसम केंद्र ने इसी अवधि में 200.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने उच्च ज्वार की चेतावनी जारी की है और लोगों से समुद्र के किनारे से दूर रहने का अनुरोध किया है।

मुंबई के कोलाबा में रहने वाले मछुआरे लगातार बारिश के कारण अपने घरों में जलभराव की आशंका के चलते स्थानीय प्रशासन की मदद ले रहे हैं। एक स्थानीय कहता है, “पिछले 3 दिनों से भारी बारिश हो रही है। हम अपनी सुरक्षा को लेकर डरे हुए हैं, क्योंकि हम निचले इलाकों में रहते हैं। प्रशासन को हमारी मदद करनी चाहिए।” वही दूसरी ओर लगातार भारी बारिश के कारण मुंबई में पवई झील ओवरफ्लो हो गई हैं।

पड़ोसी ठाणे जिले और कोंकण क्षेत्र में सिंधुदुर्ग सहित कुछ अन्य इलाकों में भी भारी बारिश हुई। आईएमडी के अनुसार विदर्भ के कुछ हिस्सों में मध्यम बारिश दर्ज की गई। क्षेत्र के कुछ इलाकों में गरज के साथ बारिश होने का अनुमान है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने पहले बताया था कि शनिवार को बारिश के कारण शहर के कुछ इलाकों से यातायात जाम और जलभराव की खबरें मिली हैं। इसके अलावा पेड़ या उनकी शाखाओं के गिरने की 19 शिकायतें आई हैं।(एजेंसी)