सुप्रीम कोर्ट में मराठा आरक्षण का केस लड़ेंगे कपिल सिब्बल

Loading

मुंबई. महाराष्ट्र में मराठा समुदाय को दिए गए आरक्षण को बनाये रखने के लिए महाविकास अघाड़ी सरकार द्वारा ज़ोरदार तैयारी शुरू है। यह केस सुप्रीम कोर्ट में लड़ने के लिए सरकार ने वरिष्ठ वकीलों की फौज तैयार की है। इसमें वरिष्ठ वकील और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल भी शामिल हैं। इसलिए अब कपिल सिब्बल सुप्रीम कोर्ट में मराठा आरक्षण के पक्ष में बहस करते नज़र आएंगे।

इससे पहले राज्य सरकार द्वारा यह मुकदमा लड़ने के लिए मुकुल रोहतगी और परमजीतसिंह पटवालिया को नियुक्त किया था। अब इनके साथ कपिल सिब्बल और वरिष्ठ वकील रफ़ीक दादा भी शामिल होंगे। कपिल सिब्बल ने यह मुकदमा लड़ने के लिए मराठा आरक्षण उप-समिति के अध्यक्ष अशोक चव्हाण ने विशेष प्रयास किये है। इस बीच, मुकुल रोहतगी और परमजीत सिंह पटवालिया ने शनिवार सुबह मराठा आरक्षण उप-समिति के साथ चर्चा की।

बता दें कि, इससे पहले विपक्ष ने राज्य सरकार पर सुप्रीम कोर्ट में मराठा आरक्षण का बचाव नहीं करने का आरोप लगाया था। हालांकि अशोक चव्हाण ने सभी आरोप ख़ारिज किये थे। चव्हाण ने कहा था कि, मराठा आरक्षण के लिए अदालती मामलों की तैयारी के बारे में जानबूझकर अफवाहें फैलाई जा रही है। लेकिन विधि मंडल द्वारा पारित मराठा आरक्षण को बनाये रखने के लिए राज्य सरकार ने बड़ी तैयारी की है।