corona

    Loading

    मुंबई: महाराष्ट्र (Maharashtra Corona Updates) में कोरोना के मामले कम होते दिखाई पड़ रहे हैं। राज्य की उद्धव सरकार (Uddhav Govt) द्वारा लिए गए फैसलों का असर अब दिखने लगा है। कोविड (COVID-19) का कहर झेल चुके महाराष्ट्र में नियमों को सही से लागू कराकर सरकार ने अच्छे से हालात को सुधारा है। पिछले 24 घंटे की बात करें तो राज्य में कोरोना के 15,169 नए मामले सामने आए हैं। जबकि 285 लोगों की जान गई है। 

    ज्ञात हो कि महाराष्ट्र में सरकार ने लॉकडाउन को 15 जून तक बढ़ाया हुआ है। सरकार का फैसला काफी कारगर साबित हुआ है। इन सब के बीच मुंबई लोकल में अब तक आम लोगों को यात्रा की इजाजत नहीं है। दरअसल एक समय आया था अप्रैल में जब कहा जा रहा था लोकल में नियमों का सही से पालन नहीं हो रहा था और संक्रमण का खतरा बढ़ गया था। तब सरकार ने तुरंत फैसला लेते हुए आम लोगों के यात्रा पर रोक लगाई। हालांकि जरूरी सेवाओं से जुड़े लोगों को यात्रा की छुट दी गई थी। 

    वहीं दूसरी तरफ सीएम उद्धव ठाकरे ने कोरोना मुक्त प्रतियोगिता का ऐलान किया है।  जिसमें राजस्व इलाके से कोविड प्रबंधन को लेकर बेहतरीन काम करने वाली तीन ग्राम पंचायतों को चुनकर उन्हें पुरस्कार दिया जाएगा।  इसमें पहला इनाम 50 लाख रुपये, दूसरा 25 लाख और तीसरा 15 लाख रुपये का है।  

    उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र में कोरोना से रिकवरी रेट 94 फीसदी से अधिक है। मुंबई में कोरोना के मामलों में तेजी से गिरावट दर्ज हुई है। मुंबई में पिछले 24 घंटे के भीतर कोविड के 925 नए केस सामने आए हैं। साथ ही 1 हजार 632 लोग ठीक हुए हैं। जबकि 31 लोगों की जान गई है।