ambani
File Pic

    Loading

    मुंबई. दक्षिण मुंबई में उद्योगपति मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) के घर  ‘एंटीलिया'(Antilia) के बाहर विस्फोटक (Gelatin) से भरा एक संदिग्ध वाहन (Vehicle) मिलने से हड़कंप मच गया। बाद में इस मामले में एक FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने आज यानी शुक्रवार को यह जानकारी दी है।

    क्या है घटना:

    बताया जा रहा है कि रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष मुकेश अंबानी के आवास ‘एंटीलिया’ के निकट कार्मिकल रोड पर बृहस्पतिवार को एक वाहन खड़ा था जिसमें जिलेटिन की 20 छड़ें थी। मुंबई पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि गामदेवी पुलिस थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की अनेक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि वाहन के नंबर प्लेट पर जो पंजीकरण नंबर है वह अंबानी की सुरक्षा में लगी एक SUV के ही समान है। उन्होंने बताया कि कार के अंदर से एक पत्र भी मिला है। 

    जांच मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंपी  गयी:

    इधर महाराष्ट्र सरकार ने अब इस मामले की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंप दी है। वहीं CCTV से भी जरुरी सुराह तलाशने की पुरजोर कोशिश की जा रही है। प्राप्त जानकारी के  मुताबिक, मुकेश अंबानी के घर एंटिलिया के बाहर मिली संदिग्ध गाड़ी के मामले में मुंबई के गामदेवी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में 286, 465, 473, 506(2),120(B) IPC and u/s 4 of Explosive Substances Act 1908 के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।

    क्या-क्या मिला इस गाडी में:

    इधर पुलिस की मानें तो, एंटिलिया के बाहर जो गाड़ी मिली वो एक स्कॉर्पियो कार थी। बताया जा रहा है कि इस गाड़ी को देर रात करीब एक बजे यहाँ खड़ा किया गया था, जिसमें 20 जिलेटिन की छड़ें भी थीं। इस गाड़ी के अंदर एक पत्र भी मिला, जिसकी भी जांच पड़ताल हो रही है। इधर गाड़ी का जो रजिस्ट्रेशन नंबर है, वो मुकेश अंबानी की सुरक्षा के काफिले में किसी वाहन से ही मैच करता है। ऐसे में अब क्राइम ब्रांच इस जरुरी एंगल से भी जांच कर रही है। इस गाडी को फिलहाल सील कर लिया गया है।

    इधर बीते गुरुवार को एंटिलिया के बाहर जब इस गाड़ी के मिलने की जानकारी मिली, तो वहां पर सुरक्षा अब और भी बढ़ा दी गई। फिलहाल एंटिलिया के बाहर डॉग स्क्वायड, बम स्क्वायड मौजूद है। इसके अलावा आज यानि शुक्रवार को भी एंटिलिया के बाहर कड़ी सुरक्षा की व्यवस्था रखी गई है। वहीँ अब यहां के आसपास से निकलने वाले वाहनों पर भी कड़ी नज़र रखी जा रही है।

    गृह मंत्री अनिल देशमुख ने किया ट्वीट : 

    इस पर महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने ट्वीट किया, ‘‘मुंबई में उद्योगपति मुकेश अंबानी के आवास के निकट एक स्कॉर्पियो वैन में जिलेटिन की 20 छड़ें मिली हैं। मुंबई पुलिस की अपराध शाखा मामले की जांच कर रही है और जल्द ही जांच के नतीजे सामने आ जाएंगे।”