MUMBAI RAIN

    Loading

    मुंबई. दक्षिण पश्चिम मानसून मुंबई एवं आसपास के क्षेत्र में सक्रिय हो गया है। बीएमसी प्रशासन (BMC Administration) के दावों के विपरीत मानसून (Monsoon) की पहली बारिश (First Rain) में ही मुंबई के अनेक इलाकों में पानी भर गया। रेल पटरियों पर पानी भरने से मध्य एवं हार्बर लाइन की लोकल सेवा ठप (Local Service Stopped) हो गयी।

    सड़कों पर जगह जगह पानी भर गया, जिससे वाहन घंटों जाम में फंसे रहे।  मौसम विभाग ने मुंबई सहित कोंकण के तटीय क्षेत्रों में अगले चार दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी दी है। जिसको लेकर सरकार ने मुंबई सहित कोंकण में रेड अलर्ट जारी किया है। बुधवार को कोकण, मध्य महाराष्ट्र एवं मराठवाड़ा के कई इलाकों मानसून ने दस्तक दी। 

    ठाणे, पालघर, रायगड जिले में बारिश का दौर जारी

    मुंबई शहर एवं उपननगरों के अलावा ठाणे, पालघर, रायगड जिले में बारिश का दौर जारी है। मानसून की पहली बारिश ने बीएमसी के दावों की पोल खोल दी। मुंबई के विभिन्न इलाकों में पानी भरने की वजह से लोगों को एक बार फिर मुश्किलों का सामना करना पड़ा। मध्य मुंबई के सायन, किंग्ज सर्कल, हिंदमाता के अलावा पश्चिम उप नगर के अंधेरी, मालाड सहित अन्य इलाकों में पानी भर गया। इसकी वजह से अंधेरी एवं मालाड सब वे को बंद करना पड़ा। कई स्थानों पर पानी में वाहन बंद पड़ गए। लोगों को ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा। सड़कों पर पानी भरने की वजह से बेस्ट की बसों का मार्ग बदलना पड़ा।

    रेल पटरियों पर पानी भरा 

    बारिश का असर मध्य एवं हार्बर रेलमार्ग की सेवाओं पर भी पड़ा। मध्य रेलवे के सायन स्टेशन एवं हार्बर मार्ग पर जीटीबी नगर, चुनाभट्टी से सायन एवं कुर्ला परिसर में रेल पटरियों पर पानी भरने की वजह से मध्य रेलवे की सीएसटी से लेकर ठाणे तक एवं हार्बर लाइन पर मुंबई सीएसटी से मानखुर्द के बीच लोकल सेवा ठप हो गई थी।जिसकी वजह से अत्यावश्यक सेवा से जुड़े यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा।बहुत से लोग कार्यस्थल पर नहीं पहुंच पाये।