udhhav

  • आज शाम ठीक 7 बजे मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे का संबोधन

Loading

मुंबई. अभी अभी आ रही ख़बरों के अनुसार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) आज शाम ठीक 7 बजे राज्य के लोगों को संबोधित करने वाले हैं। मुख्यमंत्री उद्धव के इस संबोधन को लेकर अब तमाम अटकलों से राजनीतिक गलियारें भी गर्म हैं और लोग भी अब इसका इंतज़ार कर रहे हैं। बता दें कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे का यह संबोधन इसलिए भी आज महत्वपूर्ण है क्योंकि मुंबई सहित महाराष्ट्र के कई शहरों में कोरोना के मामलों में बेतहाशा बढ़ोतरी हुई है। 

गौरतलब है कि महाराष्ट्र के मंत्री विजय वडेट्टीवार (Vijay Wadettiwar) इसके पहले ही बता चुके हैं कि नागपुर, अमरावती, यवतमाल जैसे जिलों में बढ़ते COVID-19 मामलों को देखते हुए अब राज्य सरकार इन जिलों में नाइट कर्फ्यू लगाने पर गहन विचार कर रही है। इस संबंध में मुख्यमंत्री उद्धव की अध्यक्षता में बैठक होने वाली है जिसमें कोई फैसला लिया जाना है।

क्या कहा था मंत्री विजय वडेट्टीवार ने:

आज मंत्री विजय वडेट्टीवार (Vijay Wadettiwar) ने यह बताया है कि  “पूरे विदर्भ क्षेत्र में कोरोना के मामले फिर से बढ़ रहे हैं। वहीं नागपुर में भी शुक्रवार को 750 से ज्यादा मामले हुए हैं।” उन्होंने यह भी बताया कि सरकार ने पहले ही अमरावती, वर्धा और यवतमाल में आंशिक लॉकडाउन की घोषणा कर रखी है। यही नहीं वडेट्टीवार का यह भी कहना था कि “अगर फिर से कोरोना के नए मामले बढ़ते हैं, तो सरकार नाइट कर्फ्यू जैसा बड़ा और कड़ा कदम उठा सकती है। हम कलेक्टर और म्युनिसिपल कमिश्नर समेत जिला प्रशासन से उनके इलाकों में हालात को देखते हुए लॉकडाउन पर अंतिम फैसला लेने के लिए कहेंगे।”

लग रहीं लॉकडाउन की अटकलें:

दरअसल मुंबई सहित पूरे महाराष्ट्र में अब कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, जिससे अब कई लोगों का यह मानना है कि शायद कुछ चुनिंदा जगहों पर जरुर से लॉकडाउन लागू कर दिया जाए। कुछ जगह जैसे मुंबई, ठाणे, अमरावती, पुणे, नागपुर आदि इलाकों में हाल के दिनों में कोरोना के एक्टिव मामलों में जबरदस्त वृद्धि देखी गई है। 

अब नए स्ट्रेन के एंट्री की भी आशंका :

इधर अकोला, यवतमाल, सतारा और अमरावती जैसे क्षेत्र भी अब आला अधिकारियों के लिए चिंता का सबब बने हुए हैं, इन जगहों पर जहां कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। वहीं महाराष्ट्र में बीते शनिवार यानि 20 फरवरी को कोरोना के 6,281 नए मामले दर्ज किए गए हैं और यही नहीं इस जानलेवा वायरस की चपेट में आने से 40 मरीजों ने अपना दम तोड़ दिया। ऐसी भी आशंका है कि कोरोना वायरस का नया स्ट्रेन महाराष्ट्र राज्य में भी एंट्री कर सकता या कर चूका है। हालांकि इस बाबत नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी (NIV) पुणे से पाए गए सैम्पल की फाइनल रिपोर्ट अभी आनी बाकी है। इन्ही सब अटकलों के बीच मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे का आज का संबोधन अत्यंत महत्वपूर्ण बन चूका है।