Mumbai Weather Update: BMC's claims failed on the very first day of monsoon, water logging in Mumbai, alert for Maharashtra
File Pic

    Loading

    मुंबई: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने मुंबई (Mumbai) और उसके आसपास के इलाकों में बुधवार को दक्षिण-पश्चिम मानसून (Monsoon) के दस्तक देने की घोषणा की। मानसून के पहले दिन ही मुंबई में सुबह से ही भारी बारिश जारी है जिससे जन-जीवन प्रभावित हुआ है। मुंबई के कई इलाकों में पानी भर गया है। ऐसे में बीएमसीने (BMC) कहा कि, अरब सागर में दोपहर के आसपास हाईटाइड है इस दौरान चार मीटर से अधिक ऊंची लहरें उठने की संभावना है। मुंबई में बारिश का असर लोकल ट्रेनों और यातायात पर भी पड़ा है। आईएमडी ने मुंबई तथा उपनगरों में मध्यम बारिश के साथ आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। 

    मुंबई की मेयर किशोरी पेडनेकर ने कहा, “मानसून के पहले ही दिन बहुत बारिश हुई है। कोई भी ऐसा दावा नहीं कर सकता है कि मुंबई में पानी नहीं भरेगा। जहां साफ करना होता है हम करते हैं। बहुत बारिश के बाद 3-4 घंटे तो पानी रह सकता है लेकिन जब बारिश कम होती है तो 3-4 घंटे में अपने आप पानी चला जाता है।

    मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनल (सीएसएमटी) से पड़ोसी ठाणे और नवी मुंबई में वाशी तक जाने वाली लोकल ट्रेन सेवाओं को, रेलवे की कुछ पटरियों के जल भराव की वजह से पानी में डूब जाने के कारण निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि बेस्ट की कुछ बसों का मार्ग भी परिवर्तित कर दिया गया है। 

    आईएमडी के एसआईडी, पुणे में जलवायु अनुसंधान और सेवाओं के प्रमुख के एस होसलीकर ने ट्वीट किया, ‘‘अच्छी खबर है। मुंबई-ठाणे-पालघर पर आज नौ जून को दक्षिण पश्चिम मानूसन के दस्तक देने की घोषणा हो गयी है। मानसून आज गुजरात के वलसाड, महाराष्ट्र में नागपुर और फिर भद्राचलम तुनी से गुजर रहा है। महाराष्ट्र के बाकी हिस्सों में अगले दो-तीन दिनों में मानसून के पहुंचने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।” 

    शहर के कई हिस्सों और उपनगरों में सुबह बादल गरजने के साथ ही भारी बारिश हुई। आईएमडी के अनुसार, दक्षिण मुंबई का प्रतिनिधित्व करने वाली कोलाबा वेधशाला में पिछले 24 घंटों में 77.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई जबकि सांताक्रूज वेधशाला (उपनगरों) में 59.6 मिमी. बारिश दर्ज की गई। बीएमसी के अनुसार, शहर, पूर्वी उपगनरों और पश्चिमी उपनगरों में बुधवार को सुबह आठ बजे तक 24 घंटों की अवधि में क्रमश: 48.49 मिमी, 66.99 मिमी और 48.99 मिमी. बारिश दर्ज की गई।