Landslide in Thane
ANI Photo

    Loading

    ठाणे. मुंबई (Mumbai) के बाद अब ठाणे (Thane) में भी बारिश (Rain) से भारी नुकसान हुआ है। यहां के घोलई नगर कलवा (Gholai Nagar Kalwa) में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन (Landslide) में पांच लोगों की मौत हो गई है। साथ ही दो अन्य घायल हो गए हैं। इसके अलावा इस घटना में चार घरों को भी नुकसान पहुंचा है। मौके पर खोज और बचाव अभियान चल रहा है।

    मुंबई के बाद ठाणे में बारिश ने जोर पकड़ा है। लगातार बारिश के कारण कई जगहों पर जलजमाव हो चुका है, जिससे यातायात की समस्या बनी हुई है। ठाणे और पालघर में रविवार रात 9:30 बजे से सोमवार सुबह 7:30 बजे तक 152 मिमि बारिश हुई है।

    ठाणे नगर निगम के अनुसार, भारी बारिश के चलते नगर कलवा में भूस्खलन हुआ। जिसमें कुल पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में चार महिलाएं और एक पुरुष शामिल है। वहीं मलबे में फंसने से दो लोग घायल हो गए हैं। दोनों को बचा लिया गया है।

    रविवार को भारी बारिश के चलते ठाणे के कई इलाकों में दुर्घटनाएं हुई। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक रविवार को कालवा की एक हाउसिंग सोसायटी की कंपाउंड वॉल और एक रिहायशी बिल्डिंग की दीवार गिर गई। वहीं वागले एस्टेट इलाके में 15 फीट ऊंची दीवार गिरने से चार ऑटो रिक्शा चालकों की दबकर मौत हो गई। इसके अलावा पेड़ गिरने से एक वॉचमैन की दबकर मौत हो गई।