Corona Death
PTI Photo

    Loading

    मुंबई. महाराष्ट्र (Maharashtra) में कोरोना वायरस (Coronavirus) की दूसरी लहर तबाही मचा रही है। राज्य में कोरोना के नए मामलों और मौतों की संख्या लगातार बढ़ती ही जा रहीं है। पिछले 24 घंटे में राज्य में एक दिन में सर्वाधिक 568 कोरोना मरीजों की मौत हुई है। जबकि 67 हजार 468 नए मामले आए हैं। इसके अलावा राजधानी मुंबई (Mumbai) और उपराजधानी नागपुर (Nagpur) में भी हालत बेकाबू हो चुके हैं। पिछले 24 घंटे में इन दो शहरों में कुल 160 लोगों की मौत दर्ज की गई है। इस बात की जानकारी बुधवार को स्वास्थ्य विभाग ने दी।

    बता दें कि राज्य में कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए धारा 144 लगाई गई है। साथ ही कई प्रतिबंध लगाए गए हैं, इसके बावजूद राज्य में कोरोना के रिकॉर्ड मामले सामने आ रहे हैं। जिसे देखते हुए उद्धव सरकार राज्य में सख्त लॉकडाउन (Lockdown) लगा सकती है।

    स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में 67 हजार 468 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 40 लाख 27 हजार 827 हो गई है। आज के आंकड़े मंगलवार के मुकाबले कई ज्यादा है। बता दें कि कल राज्य में 62 हजार 094 मामले सामने आए थे।

    स्वास्थ्य विभाग के अनुसार राज्य में आज रिकॉर्ड 568 लोगों की मौत होने से मृतकों का कुल आंकड़ा 61 हजार 911 पर पहुंच गया। उल्लेखनीय है कि मंगलवार को राज्य में 519 मौतें दर्ज की गई थी।

    हालांकि राहत की बात यह है कि राज्य में पिछले 24 घंटे में 54 हजार 985 लोग कोरोना से ठीक हो कर घर लौटे हैं। राज्य में अब तक 32 लाख 68 हजार 449 लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं। फिलहाल राज्य में 6 लाख 95 हजार 747 एक्टिव केस हैं।

    मुंबई-नागपुर में कोरोना की सुनामी

    मुंबई में बुधवार को 7,684 नए मामले सामने आने से संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 6,01,590 हो गई। वहीं 62 लोगों की मौत होने के बाद मृतकों की कुल संख्या 12,501 हो गई। आज शहर में 6,790 लोग कोरोना मुक्त हुए हैं। फिलहाल मुंबई में 84,743 एक्टिव केस है।

    वहीं नागपुर की बात करें तो, जिले में आज 7,229 नए मामले सामने आए हैं। जिसके बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 3,43,589 हो गई। जिले में आज 98 लोगों की मौत हुई है। जिले में अब तक 6,575 लोगों ने कोरोना से अपनी जान गवाई है। जिले में आज 7,266 लोग कोरोना से उबरे है। फिलहाल जिले में 71,557 एक्टिव केस है।