6727 यात्रियों ने की मेट्रो की सवारी

Loading

मुंबई. कोरोना के कारण बंद रही मेट्रो में 221 दिनों के बाद शुरू होने पर पहले दिन शाम 6 बजे तक 6727 यात्रियों ने सफर किया. लेकिन रविवार से शुरू मोनो को नागरिकों ने कोई प्रतिसाद नहीं दिया. लॉकडाउन के बाद मुंबई के वर्सोवा-घाटकोपर मेट्रो सेवा शुरू होने पर आम लोगों के साथ कर्मचारियों को भी बड़ी राहत मिली है. 

50% क्षमता के साथ मेट्रो सोमवार से पटरी पर  पुनः दौड़ने लगी है. सुबह 8.30 बजे से रात 8.30  बजे तक मेट्रो वन ने 200 चक्कर लगाए. फिलहाल मेट्रो में 40% यात्रियों को सफर करने की अनुमति दी गई है. मेट्रो वन  प्रशासन ने बताया कि  140 चक्कर में 6727 यात्रियों ने सफर किया. 200 चक्कर पूरा होने पर 10,000 यात्रियों के सफर करने की संभावना है. यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखने के बाद ट्रेनों के बीच के अंतराल को कम करके फेरियों को बढ़ाया जाएगा. लॉकडाउन से पहले 400 चक्कर में 4.5 लाख से अधिक यात्री यात्रा कर रहे थे. 

आरोग्य सेतु एप के बिना प्रवेश नहीं

मेट्रो में यात्रा करते समय यात्रियों को कोरोना नियमों का सख्ती से पालन करना अनिवार्य है. यात्रियों को कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए हर 2 घंटे में सभी टच पाईंट को सेनेटाइज किया जा रहा है. यात्रा करते समय फोन में आरोग्य सेतु एप डाउनलोड जरूरी है, नहीं तो यात्रियों को प्रवेश करने पर प्रतिबंधित किया गया है. एमएमआरडीए के लिए सफेद हाथी साबित हो रही मोनो की 30 फेरियां चलाई गई थीं. अधिकारियों के अनुसार सभी 30 फेरियां समय पर चलीं, लेकिन यात्रियों का अपेक्षित प्रतिसाद नहीं मिला.