congress
File Pic

  • पटोले के नाम पर बनी सहमति !
  • पृथ्वीराज चव्हाण बनेगें विधानसभा अध्यक्ष

Loading

मुंबई. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष (Pradesh Congress President) पर नए नेता (New Leader) को नियुक्त (Appoint) करने की दौड़ खत्म हो गई है। आने वाले एक से दो दिनों में नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा कर दी जाएगी। शनिवार को कांग्रेस के प्रमुख मंत्रियों की दिल्ली में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी एच.के. पाटिल और एआईसीसी महासचिव के.सी. वेणुगोपाल के साथ चर्चा हुई। इस बैठक में मौजूद एक मंत्री ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के नाम पर सहमति बन गई है। इसकी औपचारिक घोषणा जल्द ही कर दी जाएगी। 

सूत्रों के मुताबिक़ नए प्रदेश अध्यक्ष के लिए वर्तमान में विधानसभा अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे तेज तरार्र नेता नाना पटोले (Nana Patole) के नाम पर सहमति बन गई है। इससे पहले ऐसी रिपोर्ट थी कि पटोले ने पार्टी हाईकमान से प्रदेश अध्यक्ष के साथ मंत्री पद की डिमांड की थी, लेकिन मंत्री पद देने से मना कर दिया गया है। प्रदेश अध्यक्ष पर आम सहमति बनाने के लिए कांग्रेस हाईकमान के आदेश पर कांग्रेस के सभी मंत्रियों की दिल्ली में बैठक बुलाई गई थी। इस बैठक में राजस्व मंत्री और फ़िलहाल प्रदेश अध्यक्ष की कमान संभाल रहे बालासाहेब थोरात, पीडब्लूडी मंत्री अशोक चव्हाण, मदद व पुनर्वसन विजय वडेट्टीवार, ऊर्जा मंत्री नितिन राउत व पशुपालन मंत्री सुनील केदार समेत कई अन्य मंत्री शामिल थे।  प्रदेश प्रभारी पाटिल के साथ कांग्रेस मंत्रियों ने आगामी महानगरपालिका और निकाय चुनावों के लेकर भी पार्टी की रणनीति पर चर्चा की है।

ओबीसी और मराठा के बीच बैलेंस

सूत्रों के मुताबिक, विधानसभा अध्यक्ष नाना पटोले को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की कमान देने के बाद उनकी जगह पूर्व मुख्यमंत्री और मराठा नेता पृथ्वीराज चव्हाण को नया विधानसभा अध्यक्ष बनाया जाएगा। आमतौर से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद पर मराठा नेताओं का वर्चस्व रहा है। ऐसे में ओबीसी समाज के कद्दावर नेता पटोले को प्रदेश अध्यक्ष बनाने के बाद मराठा समाज को बैलेंस करने के लिए पृथ्वीराज चव्हाण को विधानसभा अध्यक्ष बनाया जाएगा। पटोले विदर्भ क्षेत्र से आते हैं, जबकि चव्हाण पश्चिम महाराष्ट्र के प्रमुख नेता हैं। ऐसे में दोनों क्षेत्रों के नेताओं को प्रतिनिधित्व देना भी कांग्रेस हाईकमान की प्राथमिकताओं में शामिल है।