Chakkajam at Mulund and Dahisar check block

    Loading

    मुंबई. ओबीसी राजनीतिक आरक्षण की मांग को लेकर भाजपा प्रदेश नेतृत्व (BJP State Leadership) के निर्देश पर मुंबई महानगर में अलग-अलग स्थानों पर चक्काजाम किया गया। जिसकी वजह से पूर्व एवं पश्चिम हाइवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गयी। पुलिस (Police) ने काफी मशक्कत के बाद जाम को खुलवाया। आंदोलन में शामिल सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। इसमें पूर्व मंत्री आशीष शेलार (Ashish Shelar), सांसद मनोज कोटक (MP Manoj Kotak), सांसद गोपाल शेट्टी (MP Gopal Shetty) का समावेश है। भाजपा की तरफ से कहा गया है कि ओबीसी आरक्षण को लेकर संघर्ष जारी रहेगा।

     दक्षिण मुंबई के नरीमन पाइंट स्थित भाजपा कार्यालय के पास आंदोलन का नेतृत्व मुंबई भाजपा अध्यक्ष एवं विधायक मंगल प्रभात लोढ़ा ने किया। उन्होंने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की उदासीनता के कारण सर्वोच्च न्यायालय में ओबीसी आरक्षण रद्द हो गया। इसी तरह भाजपा सरकार के समय मराठा समाज को शिक्षा एवं नोकरी में दिया गया आरक्षण भी ख़ारिज हुआ है। सरकार अपनी विफलताओं को छुपाने के लिए केंद्र पर उंगली उठाती रहती है। इस अवसर पर भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष चित्रा वाघ, पूर्व मंत्री राज के पुरोहित, विधायक राहुल नार्वेकर सहित अन्य लोग मौजूद थे।

    आशीष शेलार और सांसद कोटक ने मुलुंड चेक नाके पर किया आंदोलन 

     मुलुंड चेक नाके पर पूर्व मंत्री आशीष शेलार एवं सांसद मनोज कोटक के नेतृत्व में चक्काजाम आंदोलन किया गया। शेलार ने कहा कि हम ओबीसी आरक्षण के लिए किसी भी स्तर पर उतर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की तरफ से अदालत में जो शपथ पत्र दिया गया वह ओबीसी आरक्षण का मृत्युपत्र था। उन्होंने कहा कि ठाकरे सरकार को आरक्षण नहीं देना है। मराठा आरक्षण रद्द हुआ, ओबीसी आरक्षण रद्द हुआ एवं सरकार ने प्रमोशन में आरक्षण को भी रद्द किया। आंदोलन में विधायक मिहिर कोटेचा,पराग शाह,मनपा में पार्टी के गुट नेता प्रभाकर शिंदे, भालचंद्र शिरसाट, नगरसेवक प्रकाश गंगाधरे, नील सोमैया, सुषम सावंत, हरीश भांगिर्दे, नगरसेविका बिंदु त्रिवेदी,रजनी केनी,जागृति पाटिल, भाजपा जिला महासचिव नितेश राजहंस सिंह सहित अन्य लोग शामिल थे। पुलिस ने सैकड़ों कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। 

    दहिसर चेकनाके पर भी किया गया आंदोलन 

    दहिसर चेकनाके पर भाजपा सांसद गोपाल शेट्टी के नेतृत्व में जोरदार आंदोलन किया गया। चक्काजाम आंदोलन के दौरान कार्यकर्ताओं में जबरदस्त आक्रोश देखा गया। आंदोलन में शामिल विधायक योगेश सागर, विद्या ठाकुर, अमित साटम, मनीषा चौधरी, सुनिल राणे, पूर्व विधायक राजहंस सिंह, उत्तर मुंबई के जिला अध्यक्ष गणेश खणकर व उत्तर पश्चिम मुंबई के जिला अध्यक्ष संतोष मेढेकर, नगरसेवक जगदीश ओझा, रघुनाथ कुलकर्णी,विनोद शेलार, प्रकाश दरेकर सहित बड़ी संख्या में शामिल कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। जिसके बाद जाम खुलवाया गया।

    यह तो सिर्फ झांकी है, आरक्षण की लड़ाई बाकी है 

    इस अवसर पर मुंबई भाजपा उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक राजहंस सिंह ने कहा कि यह  तो सिर्फ झांकी है आरक्षण की लड़ाई बाकी है, जब तक ओबीसी आरक्षण नहीं मिल जाएगा,तब तक उग्र आंदोलन और जेल भरो आंदोलन जारी रहेगा। ओबीसी के लिए बड़ी से बड़ी लड़ाई लड़ते रहेगे। पूरी भाजपा ओबीसी समाज के साथ खड़ी रहेगी।