GO AIR
File Pic

    Loading

    अरविंद सिंह

    मुंबई. कोरोना (Corona) की दूसरी लहर (Second Wave) ने एक बार फिर विमानन क्षेत्र को भी बुरी तरह प्रभावित किया है। मुंबई (Mumbai) सहित पूरे देश की एयरलाइंस कंपनियों (Airlines Companies) को भारी नुकसान (Huge Loss) उठाना पड़ रहा है। संक्रमण के चलते लोगों का एक से दूसरे शहर जाना लगभग बंद हो गया है। 

    पर्यटन अथवा मुंबई घूमने की दृष्टि से लोगों का आना बंद हो गया है। खास कर 15 मार्च के बाद कोरोना की रफ्तार में तेजी आई है, तब से लोगों का मायानगरी से आना-जाना बहुत कम हो गया है।

    मार्च से यात्री हुए कम

    एयरलाइंस कंपनियों का कहना है कि मार्च के मध्य से घरेलू उड़ानों में यात्रियों की भारी कमी हुई है। लॉकडाउन के कारण एयरलाइंस और ट्रेवल एजेंट, दोनों को नुकसान हुआ है। यदि फ्लाइट में 50% पैसेंजर्स नहीं हैं तो उड़ाना नुकसानदेह होता है। कभी-कभी फ्लाइट लोड 50% से कम होने पर उस विमान के यात्रियों को दूसरे विमान में मर्ज कर उनके गंतव्य भेजना पड़ता है। दिल्ली, गोवा, गुजरात और राजस्थान से मुंबई के लिए आरटी-पीसीआर टेस्ट जरूरी होने के कारण पहले से ही इन राज्यों से आने वाले यात्रियों की संख्या कम थी, अब लॉकडाउन के कारण अन्य राज्यों से भी मुंबई आने-जाने वाले यात्रियों की संख्या में भारी कमी आई है।

    मजबूरी में कम होती हैं उड़ानें

    गोएयर से मिली जानकारी के अनुसार, मुंबई से दिल्ली के लिए करीब 5 उड़ानें हर दिन जाती थीं, लेकिन दोनों शहरों में कोरोना संक्रमण में वृद्धि के कारण अब दोनों तरफ के यात्रियों में कमी आई है। दिल्ली, गोवा, जयपुर और अहमदाबाद से आने वालों की संख्या तो पहले से ही कम थी, अब जाने वालों की संख्या में भी 50 से 60% की कमी आई है। दिल्ली से मुंबई आने वाले यात्रियों की संख्या में करीब 60% की कमी आई है। सूत्र ने बताया कि मुंबई से लखनऊ के लिए पहले हर दिन तीन फ्लाइट थी, इस समय यात्रियों की संख्या कम होने से सिर्फ 2 चलाई जा रही हैं। ऐसी ही स्थिति लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर तथा उत्तर भारत के अन्य शहरों में भी है।

    मुंबई आने वालों की संख्या में भारी कमी

    सूत्रों का कहना है कि इस समय जाने वालों की अपेक्षा आने वालों की संख्या में ज्यादा कमी देखी जा रही है। यूपी से आने वाले यात्रियों की संख्या आधी हो गयी है। मुंबई से यूपी जाने वालों की भी संख्या में करीब 40 से 50 प्रतिशत की गिरावट आई है। कभी-कभी कमी के कारण यात्रियों को दूसरे विमानों में मर्ज करना पड़ता है।

    उत्तर भारत से मुंबई नहीं आना चाहते लोग

    यही हाल एयर इंडिया और एयर इंडिया की सहायक कंपनी एलायंस एयर तथा अन्य घरेलू एयरलाइंस की भी है। एलायंस एयर से मिली जानकारी के अनुसार गोवा, भावनगर, दीव और गुलबर्गा जाने-आने वाली उड़ानों में भी यात्रियों की संख्या में 50% की कमी देखी गई है। इसी तरह एयर इंडिया की दिल्ली की उड़ानों में भी 50 से 60% यात्रियों की कमी हुई है। सूत्रों का कहना है कि मुंबई से यूपी जाने वाले यात्रियों की संख्या में 25 से 30% की कमी हुई है। जबकि यूपी और बिहार से आने वाले यात्रियों की संख्या में 60 से 70% की गिरावट आई है।

    लॉकडाउन के कारण ट्रेवल एजेंसियों पर भारी मार पड़ी है। दिल्ली और उत्तर भारत जाने और आने वाले दोनों तरफ के यात्रियों में कमी आई है। आरटी-पीसीआर टेस्ट के कारण अहमदाबाद, जयपुर, बेंगलुरू और गोवा से पहले से ही यात्री कम थे, अब उत्तर भारत के यात्रियों की संख्या में भी करीब 50% की कमी आई है। मुंबई से उत्तर भारत की ओर जाने वाले यात्रियों में करीब 25% की गिरावट आई है। ट्रेवल बिजनेस में भारी नुकसान हो रहा है।

    - प्रकाश शर्मा, प्रोप्राइटर, ताज ट्रेवल्स