Large scale corruption in cleaning drains

    Loading

    मुंबई. मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष भाई जगताप (Mumbai Congress President Bhai Jagtap) ने कहा है कि मानसून (Monsoon) कभी भी दस्तक दे सकता है, लेकिन मुंबई (Mumbai) के नालों की सफाई का काम 50 प्रतिशत भी पूरा नहीं हुआ है। नाला सफाई के नाम पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार (Corruption) का आरोप मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष ने लगाया है।

    मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष भाई जगताप ने मनपा में विपक्ष के नेता रवि राजा, कांग्रेस के स्थानीय नगरसेवकों एवं पार्टी पदाधिकारियों के साथ मनपा की तरफ से की गयी मानसून पूर्व तैयारियों का जायजा लिया। पिछले दिनों रवि राजा ने कहा था कि कांग्रेस की तरफ से नाला सफाई का पोल खोल किया जाएगा।

    कीचड़ को नाले में ही एक ओर कर दिया

    कांग्रेस अध्यक्ष भाई जगताप ने आरोप लगाया कि नाला सफाई नही सिर्फ हाथ सफाई हुई है।  मनपा अधिकारियों को हमारे दौरे की जानकारी मिल गयी थी, इसलिए शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड़ के विधानसभा क्षेत्र धारावी के एक भाग में नाला सफाई शुरू की गई है। उन्होंने सवाल किया कि मनपा यह कैसे दावा कर रही है कि नाला 102 प्रतिशत साफ हो गया है। मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष धारावी के 90 फिट रोड के नाले की दूसरी ओर गए जहां पर कीचड़ को नाले में ही एक ओर कर दिया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि यही कीचड़ फिर नाला में जाएगा और मनपा बारिश के दौरान साफ करने का नाटक करेगी।

    मुंबई में इस साल भी पानी भरना तय

    मनपा में विरोधी पक्ष नेता रवि राजा ने कहा कि मुंबई में इस साल भी पानी भरना तय है। सायन व दूसरे नालों को जोड़ने वाले नाले की अभी तक सफाई नही हो पाई है तो अन्य नालों का क्या हालत होगी। नाला सफाई का जायजा लेने के दौरान भाई जगताप के साथ मुंबई कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष चरणसिंह सप्रा, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ अध्यक्ष एवं नगरसेवक बब्बू खान सहित अन्य लोग मौजूद थे। उन्होंने कहा कि नाला सफाई के संदर्भ में वे बीएमसी कमिश्नर से मुलाकात कर भ्रष्टाचार के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेंगे।