Factionalism ends in mumbai congress !, brother jagtap claims

  • पार्टी छोड़ गए नेताओं के लिए दरवाजा खुला

Loading

मुंबई. मुंबई कांग्रेस (Mumbai Congress) में अब किसी तरह की कोई गुटबाजी नहीं है और सभी नेता एकजुट होकर काम कर रहे हैं। यह दावा मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष (Mumbai Congress President) भाई जगताप (Bhai Jagtap) ने किया है। वे मुंबई के कांदिवली पश्चिम (Kandivali West) में उत्तरी मुंबई जिला कांग्रेस द्वारा आयोजित कार्यकर्ता बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि मैं पार्टी छोड़ कर गए सभी नेताओं से आग्रह करता हूं कि वे वापस लौट आए। 

जगताप ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का अपने नेताओं के लिए दरवाजा हमेशा खुला रहता है। मुंबई कांग्रेस के इस कार्यक्रम में काफी दिनों बाद नाराज नेता और मुंबई कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष संजय निरुपम भी दिखाई दिए। निरुपम का जगताप और कार्यकारी अध्यक्ष चरण सिंह सप्रा ने मंच पर काफी गर्मजोशी से स्वागत किया। 

बीएमसी चुनाव की तैयारी

जगताप ने बीएमसी चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर 100 दिन में ‘100 वार्ड’ के कार्यक्रम का आग़ाज किया। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री असलम शेख, मुंबई कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष चरण सिंह सप्रा, पूर्व सांसद और मुंबई कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष संजय निरुपम, मुंबई महिला कांग्रेस अध्यक्ष अजंता यादव, महासचिव भूषण पाटिल, संदेश कोंडविलकर और अशोक सुत्राले समेत प्रमुख पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।