गोवंडी से लड़कियां गायब होने का मामला: पुलिस ने कहा-21 नहीं, 23 लड़कियाँ हुई गायब

  • 8 नाबालिग समेत 19 लड़कियों ढूंढ निकालने का किया दावा
  • पुलिस का 'लव जेहाद' के ऐंगल से किया इंकार

Loading

शीतला सिंह

मुंबई. नवभारत में गोवंडी इलाके से 21 लड़कियों के गायब होने की खबर प्रकाशित होने के बाद मुंबई पुलिस हरकत में आ गई है. रविवार को पुलिस ने इस मामले में सफाई देते हुए दावा किया कि गोवंडी और आसपास के इलाके से 21 नहीं, बल्कि 23 लड़कियाँ और महिलाएं गायब हुई थी जिसमें 8 लड़कियां नाबालिग थी. 

पुलिस ने दावा किया कि सभी नाबालिग समेत 18 लड़कियों को ढूंढ निकाला है. जबकि पुलिस अभी भी लापता हुई 4 लड़कियों की खोजबीन की जा रही है.

4 लड़कियों की खोजबीन जारी

गोवंडी पुलिस ने बताया कि इस साल पिछले 11 महीने में जो 23 लड़कियां गायब हुई थी, जिसमें से 4 लड़कियां अभी तक नहीं मिली हैं. पुलिस लापता जिन 4 युवतियों की खोजबीन करने की बात कह रही है, उसमें 8 सितंबर को 21 वर्षीय श्रद्धा श्रीराम होले, 26 अक्टूबर को 28 वर्षीय आकांक्षा अनिल गायकर, 2 नवंबर को 24 वर्षीय योगिता सागर कांबले और 17 नवंबर को 33 वर्षीय संचिता संजय लाड का नाम प्रमुख हैं. पुलिस ने कहा कि इन लड़कियों की खोजबीन पर पूरा ध्यान दिया जा रहा  है.

गोवंडी में 90 फीसदी हिंदू परिवार

गोवंडी की तुलना में इस वर्ष पंतनगर पुलिस स्टेशन में 6, मानखुर्द पुलिस स्टेशन में 5, नेहरू नगर पुलिस स्टेशन में 4 और चेंबूर पुलिस स्टेशन से 2 लड़कियों के लापता होने की शिकायत दर्ज की गयी है. गोवंडी पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि उनके इलाके में 90 फीसदी हिंदू परिवार रहता है. इसलिए इसी समुदाय की लड़कियों के गायब होने की शिकायत अधिक आती है.  

लव जेहाद नहीं : मुंबई पुलिस 

मुंबई पुलिस के प्रवक्ता चैतन्य एस. ने कहा कि गोवंडी से जो 23 युवतियां गायब हुई थी, उनमें से 19 को पुलिस ने ढूंढ निकाला है. 4 लड़कियों की खोजबीन की जा रही है. जल्द ही उन्हें भी ढूंढ निकाला जाएगा. उन्होंने लड़कियों के गायब होने में लव जेहाद से इंकार किया है.

‘लव जेहाद’ की आशंका- सोमैया 

बीजेपी के नेता और पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने नवभारत की खबर पर संज्ञान लेते हुए कहा है कि गोवंडी से लड़कियों के गायब होने के मामले में लव जेहाद की आशंका है, क्योंकि एक समुदाय विशेष की लड़कियों और युवतियों को निशाना बनाया गया है. उन्होंने राज्य के शिवसेना के नेतृत्व वाली अघाड़ी सरकार से गोवंडी से गायब हो रही लड़कियों के मामले की लव जेहाद के ऐंगल से जांच करने की मांग की है. सोमैया ने इस मामले पर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर तीखा कटाक्ष किया है.

लड़कियों का गायब होना शर्मनाक

बीजेपी नेता सोमैया ने कहा कि गोवंडी से लड़कियों का गायब होने की वारदात काफी शर्मनाक है. पुलिस ने 19 लड़कियों को ढूंढ निकालने का दावा तो किया है, लेकिन अभी भी 4 लड़कियाँ गायब है. आखिर हिंदू परिवार की लड़कियाँ ही गोवंडीं से क्यों गायब हो रही हैं? यह मामला काफी गंभीर है. वह सोमवार को गोवंडी पुलिस स्टेशन का दौरा कर वहां के लोगों से मिलने वाले हैं.