पेट्रोल-डीजल के दाम करो कम, पूरे राज्य में कांग्रेस ने दिखाया दम

    Loading

    मुंबई. पेट्रोल-डीजल में मूल्यवृद्धि (Price Hike in Petrol-Diesel) के खिलाफ महाराष्ट्र कांग्रेस (Maharashtra Congress) ने सोमवार को राज्यव्यापी प्रदर्शन (Protest) किया। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले (Nana Patole) ने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पेट्रोल-डीजल पर भारी टैक्स लगाकर लोगों की जेब काट रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने इस वृद्धि को वापस नहीं लिया तो आने वाले दिनों में बड़ा आन्दोलन छेड़ा जाएगा।

    नाना पटोले और राहत एवं पुनर्वास मंत्री विजय वडेट्टीवार ने गढ़चिरौली जिले के वडसा में एक पेट्रोल पंप पर ईंधन और गैस की कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ आंदोलन में हिस्सा लिया।

    ठाणे में नसीम की अगुवाई में प्रदर्शन

    प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष नसीम खान के नेतृत्व में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने ठाणे में प्रदर्शन किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष मनोज शिंदे, विक्रांत शिंदे, रवींद्र आंग्रे समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे। गृह राज्य मंत्री सतेज पाटिल के नेतृत्व में कोल्हापुर में एक आंदोलन का आयोजन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुणे के सभी विधानसभा क्षेत्रों में 35 पेट्रोल पंपों के सामने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष और पूर्व विधायक मोहन जोशी के नेतृत्व में कस्बा विधानसभा क्षेत्र में कुलकर्णी पेट्रोल पंप के सामने और सांसद बालू धनोरकर के नेतृत्व में चंद्रपुर में एक आंदोलन का आयोजन किया गया। इसके अलावा नाशिक, सांगली, अहमदनगर, नांदेड़, मालवन, अमरावती, सावंतवाड़ी, कंकावली, बुलढाणा, नांदेड़, औरंगाबाद सहित विभिन्न स्थानों पर आंदोलन हुए।