तेल व गैस के दामों में बढ़ोत्तरी के खिलाफ सड़क पर उतरी शिवसेना

  • शहर एवं उपनगरों में जगह-जगह विरोध प्रदर्शन

Loading

मुंबई. पेट्रोल, डीजल एवं घरलू गैस की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोत्तरी को लेकर शिवसेना ने केंद्र सरकार एवं भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मुख्यमंत्री एवं  पार्टी अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के निर्देश पर गुरुवार को मुंबई शहर एवं उपनगरों में जगह -जगह शिवसैनिकों ने विरोध प्रदर्शन किया। जिसमें विधायक, नगरसेवक पार्टी के पदाधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। शिवसेना ने चेतावनी दी है कि ईंधन के कीमतों को कम नहीं किया गया तो मुंबई में भी दिल्ली जैसी स्थिति बन जाएगी।

दहिसर में विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व विभाग प्रमुख एवं विधानपरिषद सदस्य विलास पोतनीस ने किया। प्रदर्शन में विधायक प्रकाश सुर्वे, नगरसेविका शीतल मुकेश म्हात्रे सहित अन्य लोग मौजूद थे। शिवसैनिकों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारा लगाते हुए ईंधन के बढ़े हुए दामों को वापस लेने की मांग की।

मुंबई मनपा मुख्यालय के सामने  विभाग प्रमुख पांडुरंग सकपाल के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया गया। आंदोलन में शामिल सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्र सरकार के खिलाफ घोषणाबाजी की।आंदोलन की वजह से यातायात व्यवस्था पर भी विपरीत प्रभाव पड़ा।  

दादर स्थित प्रीतम होटल के पास विभाग प्रमुख एवं शिवसेना विधायक  सदा सरवणकर  के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया गया। शिवसैनिक हाथ में तख्ती एवं पोस्टर लेकर आए हुए थे। कार्यकर्ताओं की भीड़ की वजह से सड़क जाम हो गयी थी। शिवसैनिकों को हटाने में पुलिस को काफी अधिक मशक्कत करनी पड़ी।   

गैस सिलेंडर के साथ आंदोलन 

लालबाग इलाके में  आंदोलन का नेतृत्व  महापौर किशोरी पेडणकेर ने किया। सैकड़ों की संख्या में गैस सिलेंडर के साथ आंदोलन स्थल पर पहुंची। महापौर ने सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। इसी तरह अन्य स्थानों पर विरोध प्रदर्शन किया गया।