nana patole
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले (फाइल फोटो)

    Loading

    मुंबई. जिन लोगों का देश के स्वतंत्रता संग्राम (Freedom Struggle) में कोई योगदान नहीं है, वे इतिहास को तोड़-मरोड़ कर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। ऐसे लोग भारतमाता के नाम पर सत्ता में आए थे और अब देश को बेचने जा रहे है। केंद्र (Central) के पीएम मोदी (PM Modi) सरकार पर निशाना साधते हुए यह बात प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष (State Congress President) नाना पटोले (Nana Patole) ने कही है। वे स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव पर पुणे के केसरी वाडिया में ‘व्यर्थ न हो बलिदान’  अभियान के उद्घाटन के मौके पर बोल रहे थे।

    नाना पटोले ने आगे कहा कि ब्रिटिश सरकार अत्याचारी, अन्यायपूर्ण और दमनकारी थी, लेकिन वर्तमान की केंद्र सरकार ब्रिटिश सरकार से अलग नहीं है। उन्होंने कहा कि ब्रिटिश सरकार के खिलाफ आवाज़ उठाने के लिए लोकमान्य तिलक पर देशद्रोह का आरोप लगाया गया था। आज की सरकार भी यही कर रही है। केंद्र सरकार के खिलाफ आवाज उठाने वालों की आवाज को दबाया जा रहा है। मीडिया पर भी दबाव बनाया जा रहा है, ताकि सरकार के खिलाफ बोलने या लिखने वालों पर लगाम लगाया जा सके। पटोले ने कहा कि  संविधान हमें बोलने का अधिकार देता है।

    जहां कहीं भी अन्याय दिखाई दे, उसके खिलाफ आवाज उठानी चाहिए। पटोले ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस द्वारा इस अभियान को 1 अगस्त से 15 अगस्त तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में और सोशल मीडिया के माध्यम से चलाया जाएगा। इस मौके पर राज्य मंत्री विश्वजीत कदम, शरद राणापिसे, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष चंद्रकांत हंडोरे, प्रदेश उपाध्यक्ष मोहन जोशी, रमेश बागवे, पूर्व विधायक उल्हास पवार, दीप्ति चावधारी, कमल व्यवहारे, शाम पांडे, रोहित तिलक समेत कई नेता मौजूद थे।