There will be a change of power in Mumbai Manpa, Devendra Fadnavis claims

    Loading

    मुंबई. पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) ने दावा किया है कि मुंबई महानगरपालिका (Mumbai Municipal Corporation) में सत्ता परिवर्तन होगा। इसके लिए मुंबई (Mumbai) के लोगों ने मन बना लिया है। दिंडोशी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मालाड (Malad) के कोंकणी पाड़ा स्थित नर्मदा हॉल में  भाजपा के चौपाल कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि मुंबई मनपा भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हुई है। लोग भ्रष्टाचारियों से छुटकारा चाहते हैं। परिवर्तन की लहर बह निकली है। हमें सभी को साथ लेकर चलना है।

     फडणवीस ने कहा कि मुंबई का विकास ही हमारा लक्ष्य है। कोस्टल रोड के लिए सभी तरह की मंजूरी हमने केंद्र की मोदी सरकार से दिलवाई है। एयरपोर्ट के विकास का निर्णय लिया। मुंबई मेट्रो -3 इस साल तक शुरु होनी थी, लेकिन महाविकास आघाड़ी सरकार की वजह से इसे शुरु होने में अभी भी पांच साल तक समय लग सकता है।

    दिंडोशी में लगा भाजपा का चौपाल 

    उत्तर भारतीय मतदाताओं में पैठ बढ़ाने को लेकर भाजपा की तरफ से चौपाल कार्यक्रम शुरु किया गया है। मुंबई भाजपा उपाध्यक्ष राजहंस सिंह के नेतृत्व में मुंबई के अलग-अलग इलाकों में 1000 चौपाल लगाए जाने हैं। पहले चौपाल कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि हमारी सरकार के समय झोपड़पट्टी इलाकों में रहने वालों के लिए कई योजना शुरु की गयी। हमने वर्ष 2011तक के झोपड़ों को वैध किया।

    समाज का परिवर्तन होना चाहिए

     राजहंस सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश से हमसब मजदूरी करने के लिए आये थे। महाराष्ट्र की धरती ने हमें हमारी मेहनत के दम पर विधायक बनाया। हम आये थे यहां दूध बेचने, लेकिन महाराष्ट्र की धरती ने हमारी बहन को मंत्री बनाया यह सब महाराष्ट्र की संस्कृति का परिचय है। चौपाल के माध्यम से मुंबई में तीन पीढ़ियों से साथ बसने वाले जनमानस के हित के लिए 1 हजार चौपाल की यह शुरुआत हो चुकी है। इस कार्यक्रम में जो उत्तर भारतीयों का प्रतिनिधित्व करते हैं उनको ही यहां बुलाया गया है। समाज को संगठित करने लिए चौपाल किया जाएगा। राज्य का परिवर्तन नहीं, बल्कि समाज का परिवर्तन होना चाहिए इसके लिए चौपाल की जरूरत है। कार्यक्रम में मंगल प्रभात लोढ़ा, आशीष शेलार, अतुल भातखलकर,विद्या ठाकुर, रमेश सिंह ठाकुर, संजय उपाध्याय, जयप्रकाश ठाकुर, विनोद मिश्र, प्रेम शुक्ला, अमरजीत मिश्र, संजय पांडेय, आर डी यादव , आर यू सिंह  जयप्रकाश सिंह , अमरजीत सिंह, पवन त्रिपाठी, ज्ञान मूर्ति शर्मा , योगेश वर्मा, उदय प्रताप सिंह,अजय सिंह, नितेश सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।