मुंबई के कुछ हिस्सों में हुई बेमौसम बरसात

  • दिन में गर्म रात में ठंड

Loading

मुंबई. वैसे तो मौसम ठंड का चल रहा है, लेकिन मुंबई सहित महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में बारिश ने दस्तक दी है। मौसम विशेषज्ञ की माने तो मुंबईकरों को एक दिन और बिन मौसम बरसात को झेलना होगा। तापमान की बात करें तो बुधवार से बादल छंट जाएंगे और दिन में गर्मी और रात में हल्की ठंड बढ़ जाएगी। 

मुंबई में बीते गुरुवार से ही बिन मौसम बारिश हो रही है।  सोमवार को भी मुंबई में बादल छाए रहे तो कुछ हिस्सों में हल्की फुल्की बारिश भी हुई। मौसम में आए बदलाव के कारण 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच बने रहने वाला तापमान सोमवार को 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।  बादलों के चलते मुंबई का न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

मौसम विशेषज्ञ दिनेश मिश्रा ने बताया कि राजस्थान के करीब अरब सागर और तमिलनाडु में कम दबाव क्षेत्र निर्माण हुआ था।  यह दोनों सिस्टम के कारण एक ट्रफ लाइन (बादलों की रेखा) पश्चिमी तट पर बन गई। यही कारण है कि मुंबई, पालघर, ठाणे, नवी मुंबई सहित राज्य के कुछ अन्य जिलों में भी बारिश हुई। मंगलवार को भी मुंबई व आसपास के क्षेत्र में हल्की फुल्की बारिश होगी। क्षेत्रीय मौसम विभाग ने भी मुंबई में मंगलवार को रूक रूक कर बारिश पड़ने की संभावना जताई है। 

यहां हुई बारिश

मुंबई के विक्रोली, परेल, दहिसर, बोरीवली अंधेरी, बांद्रा, कांदिवली, मुंबई सेंट्रल, विले पार्ले आदि इलाकों में सोमवार की सुबह कुछ ही समय के लिए लेकिन ठीक-ठाक बारिश हुई।