NASHIK CITY BUS

    Loading

    नाशिक. आगामी 4-6 माह में नाशिक महानगरपालिका (Nashik Municipal Corporation) के आम चुनाव होने वाले हैं। साथ ही चुनाव में बड़ा कार्य दिखाने के लिए भाजपा (BJP) बस सेवा शुरू कर रही है। पिछले कुछ माह से महानगरपालिका की सिटी बस सेवा (City Bus Service) को शुरू करने के लिए तिथि निश्चित नहीं हो पा रही थी। आखिरकार महानगरपालिका ने सिटी बस सेवा शुरू करने के लिए जुलाई माह के पहले सप्ताह की तिथि निश्चित करने वाली है। 

    कुल मिलाकर भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) के वादे को पूरा करने के लिए सिटी बस सेवा शुरू कर महानगरपालिका पर हर माह 35 करोड़ रुपए का बोझ बढ़ा दिया है। पहले ही महानगरपालिका आर्थिक संकट का सामना कर रही है। ऐसे में 35 करोड़ का बोझ मनपा कैसी उठाएगी? इस ओर सभी की निगाहें लगी हुई है। कोरोनाकाल में स्वास्थ्य व्यवस्था पर बड़े तौर पर खर्च होने से शहर में विकास कार्य ठप हो गया है।

    पूर्व मुख्यमंत्री फडणवीस का ख्वाब पूरा

    नाशिक महानगरपालिका बस सेवा शुरू करे, यह पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का ख्वाब था। महानगरपालिका में भाजपा की सत्ता होने से यह आसान होगा, ऐसा लग रहा था लेकिन ऐसा नहीं हुआ। बस सेवा के लिए हो रहा विरोध और महानगरपालिका की आर्थिक स्थिति के चलते बस सेवा शुरू होगी या नहीं? इस पर सवालिया निशान लग गया था, लेकिन महानगरपालिका में सत्तासीन भाजपा इसके लिए हरसंभव प्रयास कर रही थी। महानगरपालिका को नुकसान हुआ तो भी बस सेवा शुरू करने का प्रयास भाजपा ने किया। कई दिनों तक यह प्रस्ताव राज्य सरकार के पास मंजूरी के लिए धूल फांक रहा था, जिसे लेकर कई दिनों तक राजनीति चली। आखिरकार राज्य सरकार ने प्रस्ताव को अनुमति दी। परिणामस्वरूप शहर बस सेवा की राह आसान हुई, लेकिन जुलाई में यह शुरू हो जाएगी इसे लेकर संशय है क्योंकि भाजपा चाहती है कि पूर्व मुख्यमंत्री इस सेवा का उद्घाटन करें और उनका समय नहीं मिल पा रहा है।

    विपक्ष ने बदली भूमिका, बढ़ा बोझ

    महानगरपालिका की शहर बस सेवा से 35 करोड़ रुपए का नुकसान होने से शुरुआत में विपक्ष दल ने शहर बस सेवा को जमकर विरोध किया, लेकिन धीरे-धीरे विरोध कम होने से आश्चर्य व्यक्त किया गया। परिवहन सेवा आवश्यक है, लेकिन उससे होने वाला नुकसान नाशिकवासियों को भरना होगा इसलिए मनपा ने शहर बस सेवा शुरू करने पर विचार करना आवश्यक था, लेकिन इस बारे में अनदेखी की गई। आगामी चुनाव में सत्ताधारी भाजपा के साथ महानगरपालिका में विपक्ष के रूप में कार्यरत राजनीतिक दल को भी इसका झटका नागरिक दे सकते हैं ऐसी संभावना व्यक्त की जा रही है।

    आय बढ़ाने का प्रयास

    भविष्य में शहर बस के साथ ओझर हवाई अड्डा, त्र्यंबकेश्वर, कसारा लोकल को जोड़ने के लिए बस सेवा शुरू करने की योजना है। साथ ही नाशिक दर्शन बस सेवा भी शुरू की जाएगी, जिसमें पर्यटन स्थल सुला वाईन, बोट क्लब आदि शामिल है। तपोवन और नाशिकरोड के डिपो परिसर में शॉपिंग मॉल बनाने की योजना है। यह सब गोलमाल है। क्योंकि जब तक आय नहीं बढ़ती है तब तक महानगरपालिका को बस सेवा के लिए करोड़ों रुपए का नुकसान होने वाला है, जिसकी भरपाई के लिए तुरंत कोई योजना नहीं है।

    इस मार्ग पर चलेगी शहर बस

    तपोवन से बारदान फाटा मार्ग से सिविल अस्पताल, सातपुर, अशोकनगर, श्रमिकनगर, तपोवन सिंबाँयसीस कालेज मार्ग से पवन नगर, उत्तम नगर, तपोवन से पाथर्डी गांव मार्ग से द्वारका नागजी, इंदिरानगर, वनवैभव, सिंबाँयसीस कालेज से बोरगड़ मार्ग से शिवाजी चौक, लेखा नगर महामार्ग से म्हसरूल, बोरगड, तपोवन से भगूर मार्ग से शालिमार द्वारका, बिटको, देवलाली कैम्प, नाशिकरोड से बारदान फाटा मार्ग से द्वारका कॉलेज रोड, सातपुर, वीआइपी, कार्बन नाका, नाशिकरोड से अंबड गांव मार्ग से द्वारका महामार्ग लेखानगर, गरवारे, नाशिकरोड से निमाणी मार्ग से जेल टंकी, सैलानी बाबा, नांदूर गांव, नांदूर नाका, तपोवन, नाशिकरोड से तपोवन मार्ग से बिटको, द्वारका, शालिमार, सीबीएस पंचवटी आदि 9 मार्ग से 240 बस स्टाप होने वाले है।