Manpa officer attacked journalist

  • मनपा आयुक्त ने दिए जांच के आदेश

Loading

सिडको. समाचार संकलन के लिए पहुंचे एक समाचार पत्र के संवाददाता पर नशे में चूर मनपा अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा प्राण घातक हमला (Fatal attack) कर गंभीर रूप से घायल करने की घटना सामने आई है। पुलिस ने संदिग्धों पर पत्रकार सुरक्षा कानून के तहत मामला दर्ज किया है। मनपा आयुक्त कैलाश जाधव (Municipal Commissioner Kailash Jadhav) ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं।

संदिग्धों में सिडको जलापूर्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता ललित भावसार, कर्मी शैलेश रमेश झिटे, अक्षय दीपक निकम, ज्ञानेश्वर सखाराम शिंदे हैं। एक स्थानीय मराठी समाचार पत्र के संवाददाता निशिकांत पाटिल समाचार संकलन के लिए पाथर्डी फाटा परिसर में पहुंचे थे। इस दौरान 4 संदिग्ध जलकुंभ के प्रतिबंधित क्षेत्र में मद्यपान करते हुए दिखाई दिए। उन्होंने पाटिल को देखते हुए अनाप-शनाप बातें कही और चारों ने पाटिल पर लोहे की राड से जोरदार हमला कर दिया। हमले में पाटिल गंभीर रूप से घायल हो गया।

पाटिल को किसी प्रकार की मदद न मिले, इसलिए मोबाइल और बाइक को छीन ली। अंबड पुलिस ने पाटिल की शिकायत के आधार पर संबंधितों के खिलाफ पत्रकार सुरक्षा कानून के तहत मामला दर्ज करते हुए संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार किया है। संवाददाता संघ ने आरोपियों को तत्काल सेवा से निलंबित करने की मांग की। इस मामले में मनपा आयुक्त जाधव ने जांच कर उसकी रिपोर्ट देने के आदेश जलापूर्ति विभाग के अधीक्षक अभियंता संदीप नलावडे को दिए हैं।