Vaccination
File Photo

    Loading

    नाशिक. नाशिक महानगरपालिका (Nashik Municipal Corporation) क्षेत्र में कोरोना संक्रमण (Corona Infection) के तेजी से होते फैलाव को ध्यान में रखकर शहर में 24 घंटे टीकाकरण केंद्र (Vaccination Center) शुरू रखने का निर्णय किया गया है। इसके लिए ठक्कर डोम कोविड सेंटर में कर्मियों को नियुक्त किया गया है। नाशिक शहर में प्रतिदिन दो हजार के आसपास कोरोना के नए मरीज सामने आ रहे हैं। जिनके संपर्क में आने वाले मरीजों की तत्काल जांच करने के लिए मनपा ने दातार जनरेटीक के साथ अनुबंध किया है। इसके बाद दो दिनों में रिपोर्ट प्राप्त होने की उम्मीद है। 

    विगत सप्ताह में आरटीपीसीआर जांच (RTPCR Test) की रिपोर्ट प्रलंबित रहने के कारण संक्रमण तेजी से फैलने का डर व्यक्त किया जा रहा था। इसलिए मनपा ने सरकारी लैब के साथ निजी लैब के माध्यम से आरटीपीसीआर जांच करने का निर्णय किया। कुछ निजी लैब के पास से दाम मांगे गए। इसके बाद सबसे कम दाम देने वाले दातार जनरेटीक के साथ अनुबंध किया गया। यह प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद अब 24 घंटों में रिपोर्ट प्राप्त करने का प्रयास किया जा रहा है। मरीज पॉजिटिव होने की सूचना मिलने के बाद उसे तत्काल क्वारंटाइन किया जा रहा है।

    पुराने बिटको अस्पताल में होगी सुविधा

    केंद्र सरकार ने तत्काल टीकाकरण पूर्ण करने के लिए विशेष निर्देश दिए हैं, जिसे ध्यान में रखते हुए मनपा के माध्यम से नागरिकों को 24 घंटे टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए मनपा ने शहर के नाशिकरोड स्थित पुराने बिटको अस्पताल और सातपुर के ईएसआई अस्पताल में अगले दो से तीन दिनों में 24 घंटे टीकाकरण केंद्र शुरू करने का निर्णय लिया है।

    छत्रपति संभाजी स्टेडियम में  होगी 200 बेड की व्यवस्था

    नाशिक शहर में बढ़ते मरीजों की संख्या को ध्यान में रखते हुए मनपा ने ठक्कर डोम और छत्रपति संभाजी स्टेडियम में  200-200 बेड का कोविड केयर सेंटर शुरू करने का निर्णय किया है। इसमें से ठक्कर डोम में अब ऑक्सीजन बेड के लिए ऑक्सीजन लाइन डालने का कार्य शुरू किया है। अगले कुछ दिनों में यह सेंटर कार्यान्वित होगा। जबकि, संभाजी स्टेडियम में बेड की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा अगले कुछ दिनों में और कुछ कोविड केयर सेंटर शुरू होने किए जाने की जानकारी मनपा प्रभारी वैद्यकीय अधिकारी डॉ. राजेंद्र त्र्यंबके ने दी।

    नाशिक मनपा को प्राप्त वैक्सीन की स्थिति

    नाशिक महानगर पालिका क्षेत्र के लिए अब तक कोविशील्ड और को-वैक्सीन के 1 लाख 79 हजार 610 डोस प्राप्त हुए हैं। इसमें से 1 लाख 47 हजार 893 डोस नागरिकों को दिए जा चुके हैं। 1 लाख 53 हजार 350 कोविशील्ड डोस में से 1 लाख 23 हजार 281 डोस नागरिकों को दिए हैं। वर्तमान में मनपा के पास 30 हजार 69 डोस शेष है। 26 हजार 260 को-वैक्सीन डोस में से 24 हजार 612 डोस नागरिकों को दिए गए हैं। वर्तमान में मनपा के पास 1648 डोस शेष हैं।