By नवभारत | Updated Date: Jul 12 2019 9:47AM |
5

नई दिल्ली: दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना वायदा की कीमत आज अपने रिकॉर्ड स्तर पर है। प्रति दस ग्राम सोने की कीमत में 930 रुपए का इजाफा हुआ जिसके बाद सोने की कीमत 35,800 रुपए हो गई है। 2014 में मोदी सरकार के आने के बाद से पहली बार सोना इतना महंगा हुआ है। हालांकि फिजिकल बाजार में अब भी सोने के दाम कम ही हैं। अगर आप सोना खरीदने या बेचने जाते हैं, तो दस ग्राम सोन सिर्फ 34,100 रुपए में मिल जाएगा। दिल्ली सर्राफा बाजार के थोक कारोबारी विमल गोयल ने बताया कि बाजार में पैसा नहीं है, इसलिए सोने की फिजिकल कीमत और वायदा में इतने का अंतर है। उन्होंने यह भी कहा कि बजट में सोने के आयात पर लगने वाली ड्यूटी में 2.5 फीसदी की बढ़ोतरी कर दी गई। इससे सोने की स्मगलिंग बढ़ गई।
इससे भी सोने के फिजिकल भाव में तेजी नहीं है। सर्राफा बाजार में चांदी 300 रुपए उछलकर 39,200 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। सरकार ने बजट में सोने तथा बेशकीमती धातुओं पर सीमा शुल्क 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 12.5 फीसदी कर दिया है। इसके बाद से देश में कीमती धातुओं में तेजी का रुख बना हुआ है। विदेशों में गुरुवार को पीली धातु में तेजी रही। लंदन एवं न्यूयॉर्क से मिली जानकारी के अनुसार, आज सोना हाजिर 0.65 प्रतिशत चढ़कर 1,406.91 डॉलर प्रति औंस पर रहा। अगस्त का अमेरिकी सोना वायदा 1397.50 डॉलर प्रति औंस पर पड़ा रहा। अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी हाजिर 0.22 प्रतिशत चमककर 15.13 डॉलर प्रति औंस बोली गई।