By नवभारत | Updated Date: Nov 3 2019 12:17PM |
143

हेनरी फोर्ड विश्वप्रसिद्ध अमेरिकी उद्योगपति एवं कारों के पितामह थे। उन्होंने भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कार डिजाइन करना प्रारंभ किया एवं बहुत जल्दी ही वे कारे दुनिया भर में लोकप्रिय होने लगी। इसी के साथ हेनरी फोर्ड भी अमेरिका के साथ साथ विश्व स्तर पर प्रसिद्ध होने लगे। उनकी प्रसिद्धि से परेशान होकर बुद्धिजीवियों के एक समूह द्वारा उनके विरुद्ध अमेरिकी अदालत में मुकदमा दायर कर दिया गया, कि हेनरी फोर्ड उस सम्मान के हकदार नहीं है जितना उन्हें दिया जा रहा है, क्योंकि वह बहुत कम पढ़े लिखे हैं और साथ ही उनके पास कोई बहुत विशेष योग्यता नहीं है।
इस प्रकार अदालत में मुकदमा प्रारंभ हो गया और हेनरी फोर्ड भी अदालत में जाने लगे। दोनों पक्षों के वकील अपनी अपनी दलील देते ,विरोधी पक्ष के वकील हेनरी फोर्ड से भिन्न-भिन्न विषयों जैसे इतिहास,गणित, विज्ञान आदि विषयों पर सवाल करते और उनसे जवाब की अपेक्षा रखते। क्योंकि हेनरी फोर्ड इन विषयों में पारंगत नहीं थे अतः वह जवाब नहीं दे पाते और विरोधी वकील दलील देते देखिए फोर्ड को सामान्य जानकारी भी नहीं है, अतः यह इतने सम्मान के हकदार नहीं है और इन्हें सर्वसम्मति से मूर्ख घोषित किया जाए।
इस प्रकार दलीलों का दौर चलता रहा और अंत में फैसले का दिन आया, अदालत में जज ने हेनरी फोर्ड से सवाल किया कि अभी तक हमने जितनी दलीलें देखी हैं एवं साक्ष्य देखे हैं उससे तो यही सिद्ध होता है कि आपके पास उस स्तर की जानकारियां नहीं है जितना आपको सम्मान मिल रहा है, अतः आपको क्यों ना मूर्ख घोषित करके वह सम्मान वापस ले लिए जाएं। उस समय हेनरी फोर्ड ने बहुत सुंदर जवाब दिया कि निश्चित रूप से मेरे पास वह जानकारियां नहीं है जो यह वकील चाहते हैं, क्योंकि यह मेरे लिए संभव भी नहीं है कि मैं पूरे संसार की जानकारियां रख सकूं,इस पैमाने से तो मैं मूर्ख हूं,लेकिन मेरे पास ऐसे विशेषज्ञों का समूह है या मैं ऐसे विशेषज्ञों का समूह रखता हूं जो इनके सभी प्रश्नों का जवाब दे सकता है या उनसे बेहतर जवाब दे सकते हैं।
अब आप ही बताइए जब मैं इतने विशेषज्ञ को अपने साथ रखकर उनसे काम करवा सकता हूं तो क्या मैं मूर्ख हूं? फोर्ड का जवाब सुनकर जज बहुत खुश हुए और उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से आप बहुत समझदार हो, जो व्यावहारिक ज्ञान रखते हुए सभी लोगों से बहुत अच्छे तरीके से काम करवा रहे हो। विशेषज्ञों का उपयोग करना साधारण व्यक्ति के बस की बात नहीं है यह बहुत असामान्य या बहुत बुद्धिमान व्यक्ति ही कर सकता है, जो क्षमता आप में है,अतः आप बहुत बुद्धिमान व्यक्ति हो और आपकी विरुद्ध समस्त मुकदमे समाप्त किए जाते हैं। इस प्रकार वह मुकदमा समाप्त हुआ। इस दृष्टांत से हमें यह पता लगता है यदि हम समस्याओं को व्यवहारिक ढंग से पहचाने और उन समस्याओं को हल करने के लिए अन्य लोगों का सहयोग ले तो निश्चित रूप से हम भी विश्व को अपना सर्वश्रेष्ठ दे सकते हैं, और इस देश को नई दिशा दे सकते हैं हम भी हेनरी फोर्ड बन सकते हैं।
-संदीप त्रिपाठी
-sandip26tripathi@gmail.com